क्रिकेट मैच से शुरू हुई थी सिया और चेतन की कहानी? केतन अग्रवाल केस में पुलिस का बड़ा खुलासा

Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार सिया गोयल और चेतन चौधरी की पहली मुलाकात स्थानीय क्रिकेट लीग में हुई थी। जांच में 2,004 कॉल, 238 घंटे की बातचीत और डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है।

Harsh Sharma
Published on: 27 Jun 2026 4:49 PM IST
क्रिकेट मैच से शुरू हुई थी सिया और चेतन की कहानी? केतन अग्रवाल केस में पुलिस का बड़ा खुलासा
X

Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक नई जानकारी मिली है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी की पहली मुलाकात सोशल मीडिया या कॉलेज में नहीं हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों की पहचान पुणे में आयोजित एक स्थानीय क्रिकेट लीग के दौरान हुई थी। अब जांच एजेंसियां इसी कड़ी को उनके रिश्ते की शुरुआत मानकर आगे की जांच कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, चेतन चौधरी पुणे की मार्केट यार्ड फ्रेंड्स क्रिकेट लीग (MFCL) में ZML Riders टीम की ओर से खेलता था। इस क्रिकेट टूर्नामेंट में मार्केट यार्ड के व्यापारी, उनके परिवार और इलाके के कई लोग शामिल होते थे। जांच में पता चला कि सिया गोयल का बड़ा भाई साहिल गोयल भी इस लीग से जुड़ा हुआ था। इसी दौरान साहिल और चेतन की दोस्ती हुई। बताया जा रहा है कि सिया भी कई बार अपने भाई के साथ मैच देखने जाती थी और वहीं उसकी चेतन से पहली बार मुलाकात हुई।

कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों पर टिकी पुलिस की जांच

जांच अधिकारियों का कहना है कि पहली मुलाकात के बाद कुछ समय तक दोनों के बीच ज्यादा संपर्क नहीं रहा। लेकिन साल 2025 में एक कॉमन फ्रेंड की दिवाली पार्टी में दोनों फिर मिले। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातें लगातार बढ़ने लगीं। पुलिस ने जब दोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की तो पता चला कि जनवरी 2026 से दोनों नियमित रूप से एक-दूसरे के संपर्क में थे।

2004 कॉल और 238 घंटे की बातचीत ने बढ़ाया शक

पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच करीब 2,004 फोन कॉल हुईं, जिनकी कुल अवधि लगभग 238 घंटे बताई जा रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इतनी लंबी बातचीत दोनों के बीच गहरे संबंध की ओर इशारा करती है। इसी सिलसिले में पुलिस ने सिया के भाई साहिल गोयल से भी करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। उससे चेतन के साथ उसकी दोस्ती, सिया और चेतन के रिश्ते और परिवार को इस बारे में कितनी जानकारी थी, जैसे कई सवाल पूछे गए। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे घर जाने की अनुमति दे दी गई।

फिलहाल पुलिस की जांच डिजिटल सबूतों पर भी केंद्रित है। अधिकारियों का दावा है कि वारदात से पहले और बाद में सिया और चेतन ने अपने मोबाइल फोन से WhatsApp चैट, Instagram मैसेज और अन्य ऑनलाइन रिकॉर्ड डिलीट कर दिए थे। अब जांच एजेंसियां इन डिलीट किए गए डिजिटल डेटा को रिकवर करने की कोशिश कर रही हैं, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।

Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story