TRENDING TAGS :
किश्तवाड़ में फिर गर्भवती हुई नाबालिग...बच्ची को दिया जन्म! POCSO ऐक्ट में केस दर्ज
Minor Girl Gives Birth: किश्तवाड़ जिला अस्पताल में एक नाबालिग ने बच्ची को जन्म दिया। इससे पहले छात्रू और नागसेनी में भी नाबालिगों से जुड़े ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
Minor Girl Gives Birth: जम्मू कश्मीर में छात्रू और नागसेनी मामले को लोग अभी भूले भी नहीं थे कि किश्तवाड़ जिले में फिर से कथित तौर पर एक नाबालिग के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। यहां जिला अस्पताल में बुधवार देर रात एक नाबालिग ने बच्ची को जन्म दिया। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस और बाल कल्याण से जुड़े अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाबालिग की तबीयत बिगड़ने के कारण उसे देर रात जिला अस्पताल किश्तवाड़ में भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सकों ने जांच की तो उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज
वहीं नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में नाबालिग गर्भवती हुई और इस मामले में कौन जिम्मेदार है।
फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में नाबालिग मां और नवजात बच्ची की देखभाल की जा रही है। वहीं, बाल संरक्षण से जुड़ी एजेंसियां भी नाबालिग की सुरक्षा और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
आपको बताते चलें कि किश्तवाड़ में कम समय के भीतर नाबालिग के गर्भवती होने और प्रसव का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी छात्रू और नागसेनी इलाके से भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। जहां छात्रू में एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा को स्कूल के ही हेडमास्टर ने अपनी हवस का शिकार बनाया था, वहीं नागसेनी में भी नाबालिग से साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने का मामला सामने आया था
अब नाबालिग के प्रसव का तीसरा मामला सामने आने के बाद किश्तवाड़ में पुलिस और बाल संरक्षण एजेंसियों की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय किश्तवाड़ इशान गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


