TRENDING TAGS :
प्रवासियों के लिए खुशखबरी, अब बिना एड्रेस प्रूफ मिलेगा 5Kg वाला LPG सिलेंडर, जानें क्या हैं नए नियम
5 Kg LPG Cylinder: मिडिल ईस्ट (Middle East) में बढ़ते तनाव और सप्लाई चेन की दिक्कतों के बीच केंद्र सरकार ने अब 5 Kg वाले छोटे LPG सिलेंडर को खरीदना पहले से कहीं ज्यादा आसान करने का फैसला लिया है। जानें क्या हैं नए नियम।
5 Kg LPG Cylinder: मिडिल ईस्ट (Middle East) में बढ़ते तनाव और सप्लाई चेन की दिक्कतों के बीच केंद्र सरकार ने एक बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। जिसके तहत अब 5 किलो वाले छोटे LPG सिलेंडर को खरीदना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। सरकार ने इसके नियमों को सरल करते हुए साफ कर दिया है कि अब किसी भी व्यक्ति को इसे खरीदने के लिए एड्रेस प्रूफ देने की जरूरत नहीं होगी।
बिना एड्रेस प्रूफ भी मिलेगा सिलेंडर
पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक यह फैसला खास तौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जो शहरों में अस्थायी रूप से रहते हैं। जैसे प्रवासी मजदूर या किराए पर रहने वाले लोग, जिनके पास स्थानीय एड्रेस प्रूफ नहीं होता।
अब ग्राहक को सिर्फ किसी भी एक फोटो पहचान पत्र के साथ ऑथोराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाना होगा और वह तुरंत 5 किलो वाला सिलेंडर खरीद सकेगा। यानी लंबी कागजी प्रक्रिया अब खत्म हो गई है।
किन दस्तावेजों से मिलेगा सिलेंडर
सरकार ने साफ किया है कि 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर के लिए अब सीमित दस्तावेज ही पर्याप्त होंगे। ग्राहक आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी जैसे किसी भी पहचान पत्र के जरिए सिलेंडर ले सकते हैं। इसके अलावा केंद्र या राज्य सरकार द्वारा जारी कोई भी वैध पहचान पत्र मान्य होगा।
सबसे बड़ी बात यह है कि ग्राहक साल में जितनी बार चाहें, उतनी बार इस सिलेंडर को रिफिल भी करवा सकते हैं।
क्यों लिया गया सप्लाई बढ़ाने का फैसला?
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव का असर सीधे तौर पर ऊर्जा सप्लाई पर पड़ा है। इसी को देखते हुए सरकार ने छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ाने का फैसला किया है, ताकि आम लोगों को गैस की कमी का सामना न करना पड़े।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार 23 मार्च से अब तक करीब 6.6 लाख छोटे सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। अकेले 4 अप्रैल को ही 90 हजार यूनिट्स की बिक्री हुई है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल डिस्ट्रीब्यूशन पॉइंट्स पर किसी तरह की कमी नहीं है।
प्रवासियों के लिए खास इंतजाम
दूसरे शहरों में काम करने वाले लोगों की सुविधा के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के आउटलेट्स पर 11 विशेष हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। इन हेल्प डेस्क का मकसद लोगों को नजदीकी गैस डिस्ट्रीब्यूटर की जानकारी देना और उन्हें बिना किसी परेशानी के सिलेंडर उपलब्ध कराना है।
इस बीच जानकारी अ रही है कि घरेलू गैस की मांग भी तेजी से बढ़ी है। एक ही दिन में 51 लाख से ज्यादा घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी की गई है। खास बात यह है कि कुल मांग का 95 प्रतिशत हिस्सा अब ऑनलाइन बुकिंग के जरिए आ रहा है, जिससे सिस्टम ज्यादा तेज और पारदर्शी हुआ है।
किन लोगों के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद
यह 5 किलो वाला सिलेंडर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी है, जो कम मात्रा में गैस इस्तेमाल करते हैं। जैसे स्टूडेंट्स और बैचलर्स, जो अकेले रहते हैं। इसके अलावा प्रवासी मजदूरों के लिए यह बड़ी राहत है, क्योंकि उनके पास अक्सर एड्रेस प्रूफ नहीं होता।
यह सिलेंडर बैकअप के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है, जब बड़ा सिलेंडर अचानक खत्म हो जाए। साथ ही पिकनिक या ट्रैवल के दौरान इसे ले जाना भी आसान होता है।
कालाबाजारी पर सरकार की सख्ती
सरकार ने साफ कर दिया है कि गैस की कमी का फायदा उठाकर मुनाफाखोरी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मार्च से अब तक 50 हजार से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
इसके साथ ही 1400 से ज्यादा डिस्ट्रीब्यूटर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं और 36 गैस एजेंसियों को सस्पेंड कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू सप्लाई में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
जरूरी सेक्टर को प्राथमिकता
गैस संकट से बचने के लिए सरकार ने सप्लाई को प्राथमिकता के आधार पर बांटा है। घरेलू उपभोक्ताओं, अस्पतालों और स्कूलों को पूरी सप्लाई दी जा रही है।
इसके लिए कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई को घटाकर 70 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं फर्टिलाइजर प्लांट्स को 6 अप्रैल से 90 प्रतिशत गैस सप्लाई मिलने लगेगी।
कितनी है 5Kg सिलेंडर की कीमत
5 किलो वाले सिलेंडर की कीमत शहर और कंपनी के हिसाब से थोड़ी बदल सकती है। नया कनेक्शन लेने पर सिलेंडर, गैस और रेगुलेटर मिलाकर करीब 1500 से 2200 रुपये तक खर्च आ सकता है।
वहीं सिर्फ गैस रिफिल कराने पर इसकी कीमत लगभग 500 से 650 रुपये के बीच होती है। ये कीमतें अनुमानित हैं और हर महीने बदल सकती हैं।
कैसे खरीदें 5Kg सिलेंडर
इस सिलेंडर को खरीदने की प्रक्रिया भी बेहद आसान है। ग्राहक अपने नजदीकी गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप या बड़े किराना स्टोर पर जाकर इसे ले सकते हैं। वहां सिर्फ एक फोटो पहचान पत्र देना होगा और भुगतान करने के बाद तुरंत भरा हुआ सिलेंडर मिल जाएगा।
जब गैस खत्म हो जाए, तो खाली सिलेंडर देकर नया रिफिल लिया जा सकता है। कई शहरों में इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स या गैस कंपनियों की ऐप के जरिए भी बुक किया जा सकता है।
जरूर चेक करें एक्सपायरी डेट
सरकार ने लोगों को यह भी सलाह दी है कि हमेशा ऑथोराइज्ड गैस एजेंसी से ही सिलेंडर खरीदें। क्योंकि यह फ्री ट्रेड मार्केट का हिस्सा है, इसलिए इसकी कीमत सामान्य घरेलू सिलेंडर से अलग हो सकती है।
साथ ही सिलेंडर लेते समय उसकी एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें, ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा जोखिम से बचा जा सके।


