कुलगाम हमले का बदला? मारे गए लश्कर के मोस्ट वांटेड लतीफ भट समेत दो आतंकी

Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के वांछित आतंकी मोहम्मद लतीफ भट समेत दो आतंकियों को मार गिराया। 11 नवंबर को सीआरपीएफ पोस्ट पर हुए हमले के बाद छह दिन तक सर्च ऑपरेशन चला और 600 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की गई।

Aditya Kumar Verma
Published on: 16 Nov 2026 2:29 PM IST
Lashkar Terrorist Latif Bhat Killed
X

Image Source- Social Media

Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। आतंकियों की तलाश में चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं। इनमें लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) का वांछित आतंकी मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है। 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ (CRPF) सुरक्षा पोस्ट पर हुए हमले के पीछे भी लतीफ भट का नाम सामने आ रहा था। इसके बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे थे।

आतंकियों की खोज में सुरक्षाबलों ने करीब छह दिनों तक सर्च ऑपरेशन (Search Operation) चलाया। इस दौरान प्रभावित गांवों के आसपास कड़ी घेराबंदी की गई और संदिग्धों से पूछताछ भी की गई। अब मुठभेड़ में लतीफ भट समेत दो आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है।

कौन था लश्कर का वांछित आतंकी लतीफ भट?

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, मोहम्मद लतीफ भट कुलगाम जिले के ख्रेवान चाडर यानी नई बस्ती का रहने वाला था। वह पहले कॉलेज में पढ़ाई करता था, लेकिन बाद में उसने पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद वह स्थानीय स्तर पर बढ़ई का काम करने लगा था।

बताया जाता है कि नवंबर 2025 में वह अचानक अपने घर से लापता हो गया था। करीब 19 नवंबर 2025 को उसके परिवार की ओर से उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट (Missing Report) दर्ज कराई गई थी। इसके बाद वह आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था। इस आतंकी संगठन का नाम द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) और कश्मीर रिवोल्यूशनरी आर्मी (KRA) जैसे संगठनों के साथ भी जुड़ता रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना था कि लतीफ दक्षिण कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में अपनी गतिविधियां चला रहा था।

शोपियां में भी सुरक्षा अभियान के दौरान बच निकला था

लतीफ भट इससे पहले भी सुरक्षाबलों के निशाने पर आ चुका था। बताया जाता है कि जुलाई 2026 में शोपियां (Shopian) में चलाए गए एक सुरक्षा अभियान के दौरान वह बचकर निकलने में कामयाब रहा था।

उस समय उसके साथ जाकिर अहमद गनी भी संपर्क में था। जाकिर अहमद गनी जुलाई 2026 में शोपियां में हुई एक मुठभेड़ के दौरान मारा गया था। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां लतीफ भट की गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।

600 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ

कुलगाम में आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षाबल पिछले छह दिनों से लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। प्रभावित गांवों के चारों ओर कड़ी घेराबंदी की गई थी, ताकि आतंकियों को भागने का मौका न मिल सके।

इस दौरान सुरक्षाबलों ने घरों की तलाशी ली। घरों के आसपास बने दूसरे कमरों, बागों और घनी झाड़ियों तक की जांच की गई। आतंकियों के छिपने के संभावित ठिकानों और हथियारों के जखीरे का पता लगाने के लिए विशेष उपकरणों की मदद भी ली गई।

सर्च ऑपरेशन में ड्रोन (Drone), खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टर (Metal Detector) का इस्तेमाल किया गया। इनकी मदद से संदिग्धों की आवाजाही पर नजर रखी गई और छिपे हुए ठिकानों की तलाश की गई।

इस अभियान के दौरान 600 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की गई। लगातार तलाशी और घेराबंदी के बाद सुरक्षाबलों की आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए। इनमें लश्कर का वांछित आतंकी लतीफ भट भी शामिल है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story