TRENDING TAGS :
कूनो में फिर गूंजी किलकारी! 4 नन्हे मेहमानों का जन्म, चीतों का कुनबा बढ़ा
Kuno National Park: कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता KOMG3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या 62 और देश में जन्मे चीतों की संख्या 43 हो गई है।
Cheetah Population in India
Kuno National Park: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से प्रोजेक्ट चीता को लेकर एक और अच्छी खबर सामने आई है। यहां बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता KOMG3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। खास बात यह है कि भारत में बोत्सवाना से लाई गई किसी मादा चीता का यह पहला सफल प्रसव है। इस नई उपलब्धि के साथ देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है। इनमें 43 चीते ऐसे हैं, जिनका जन्म भारत की धरती पर हुआ है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए इस खुशखबरी को साझा किया।
पहली बार मां बनी बोत्सवाना से आई मादा चीता
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के मुताबिक, करीब ढाई साल की मादा चीता KOMG3 ने कूनो के जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इस जन्म को इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि बोत्सवाना से भारत लाई गई किसी मादा चीता ने पहली बार यहां सफलतापूर्वक शावकों को जन्म दिया है।
यह उपलब्धि भारत में चीता पुनर्स्थापन अभियान के लिए अहम मानी जा रही है। इससे यह उम्मीद भी मजबूत हुई है कि दूसरे देशों से लाए गए चीते यहां के वातावरण में प्रजनन करने में सक्षम हो रहे हैं।
चार महीने से अधिक समय से जंगल में थी KOMG3
मादा चीता KOMG3 पिछले चार महीने से ज्यादा समय से कूनो के जंगल में रह रही थी। इसी दौरान उसने प्राकृतिक वातावरण में चार शावकों को जन्म दिया। खास बात यह है कि सितंबर 2022 में शुरू हुए चीता पुनर्स्थापन कार्यक्रम के बाद जंगल में दर्ज किया गया यह दूसरा प्रसव है।
विशेषज्ञों के लिहाज से जंगल में प्राकृतिक रूप से शावकों का जन्म होना इस बात का महत्वपूर्ण संकेत है कि चीते धीरे-धीरे भारतीय परिस्थितियों के अनुकूल हो रहे हैं।
भारत में जन्मे चीतों की संख्या 43 पहुंची
KOMG3 के चार शावकों के जन्म के बाद देश में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है। इनमें से 43 का जन्म भारत में हुआ है। प्रोजेक्ट चीता का मकसद केवल विदेशों से चीतों को भारत लाना नहीं है, बल्कि यहां उनके लिए ऐसा प्राकृतिक आवास तैयार करना भी है, जहां वे स्वतंत्र रूप से रह सकें और अपनी आबादी बढ़ा सकें।
कूनो में लगातार हो रहे सफल प्रसव इस अभियान के लिए सकारात्मक संकेत माने जा रहे हैं।
वनकर्मियों और पशु चिकित्सकों की मेहनत को मिला श्रेय
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रोजेक्ट चीता से जुड़े अधिकारियों, प्रबंधन टीम, पशु चिकित्सकों और मैदानी वनकर्मियों को दिया है। उन्होंने कहा कि चीतों का हर सफल जन्म भारत में उनकी आबादी को दोबारा स्थापित करने के प्रयासों को मजबूती देता है।
इस अभियान में लगातार निगरानी, धैर्य और अलग-अलग टीमों के बीच बेहतर तालमेल की अहम भूमिका है। जंगल में शावकों का जन्म होना संरक्षण से जुड़े इन प्रयासों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कूनो में पहले भी जन्म ले चुके हैं कई चीता शावक
कूनो नेशनल पार्क में पिछले कुछ वर्षों के दौरान चीतों के कई सफल प्रसव दर्ज किए गए हैं। नवंबर 2025 में नामीबिया से लाई गई मादा चीता सियाया की बेटी मुखी ने पांच शावकों को जन्म दिया था। इसके बाद फरवरी 2026 में दक्षिण अफ्रीकी मादा चीता गामिनी ने तीन शावकों को जन्म दिया।
मार्च 2026 में नामीबियाई चीता ज्वाला पांच शावकों की मां बनी। वहीं, अप्रैल 2026 में गामिनी की भारत में जन्मी बेटी KGP12 ने खुले जंगल में चार शावकों को जन्म दिया था। सितंबर 2026 में KGP12 ने फिर चार शावकों को जन्म देकर दूसरी बार खुशखबरी दी।
इसके बाद अक्टूबर 2026 में भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने पांच शावकों को जन्म दिया था। अब बोत्सवाना से आई KOMG3 के चार शावकों के जन्म ने कूनो में चीता संरक्षण अभियान को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई है।


