TRENDING TAGS :
अब कॉकरोचों का होगा सफाया! CJP को टेंशन देने आई 'लाल हिट जनता पार्टी', दिल्ली की सड़कों पर सिक्रेट प्लान
दिल्ली में CJP के प्रदर्शनों के विरोध में ‘लाल हिट जनता पार्टी’ ने मालवीय स्मृति भवन में अपना पहला सदस्यता सम्मेलन आयोजित किया।
Lal Hit Janta Party: दिल्ली में कनॉट प्लेस समेत कई जगहों पर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच अब इनके विरोध में भी एक समूह सामने आया है। ‘लाल हिट जनता पार्टी’ नाम से बने इस समूह ने रविवार को दिल्ली के मालवीय स्मृति भवन में अपना पहला सदस्यता सम्मेलन आयोजित किया।
कार्यक्रम में पार्टी प्रमुख अयान भटनागर समेत कई वक्ताओं ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शनों पर सवाल उठाए। वक्ताओं का आरोप था कि इन प्रदर्शनों से संवैधानिक संस्थाओं पर लोगों का भरोसा प्रभावित हो रहा है और कारोबारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
'सड़कों पर उतरकर दिखानी होगी ताकत'
लाल हिट जनता पार्टी के प्रमुख अयान भटनागर ने कहा कि सम्मेलन का मकसद आगे की रणनीति तय करना और लोगों को एकजुट करने की क्षमता दिखाना है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों से जुटने की अपील करें, तो कितनी बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो सकते हैं। दशहरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और लोगों को सोशल मीडिया तक सीमित रहने के बजाय सड़कों पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज करानी चाहिए।
अपने भाषण में भटनागर ने CJP के प्रदर्शनकारियों के लिए ‘कीड़े’ और ‘कॉकरोच’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में जनजीवन और सामान्य गतिविधियों को प्रभावित कर रहे हैं।
दशहरे से दिवाली तक कारोबार प्रभावित होने का मुद्दा उठाया
भटनागर ने कहा कि दशहरे से दिवाली तक का समय कारोबारियों के लिए बेहद अहम होता है। इस दौरान बाजारों में खरीदारी बढ़ती है और व्यापारियों को पूरे साल के कारोबार से जुड़ी उम्मीदें रहती हैं। उन्होंने कहा कि कनॉट प्लेस जैसे व्यावसायिक इलाके में गतिविधियां बाधित होने से कारोबार पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर आरोप लगाया कि उनके आंदोलन से आम लोगों और कारोबारियों को परेशानी हो रही है। उनके मुताबिक, इस अवधि में व्यापारिक गतिविधियों में रुकावट को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर उठाए सवाल
अयान भटनागर ने वकील प्रशांत भूषण की सत्ता परिवर्तन से जुड़ी टिप्पणी का जिक्र करते हुए सवाल किया कि विरोध-प्रदर्शन के जरिए सरकार कैसे बदली जा सकती है। उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग किए जाने पर भी आपत्ति जताई।
भटनागर ने कहा कि अगर आज मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की जा रही है, तो भविष्य में प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठ सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी समूह की मांग केवल इसलिए स्वीकार नहीं की जा सकती क्योंकि उसके समर्थन में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए हैं। उनके अनुसार, किसी भी आंदोलन की मांगों को संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
‘लोकतंत्र बचाने के लिए बनी पार्टी’
भटनागर ने दावा किया कि लाल हिट जनता पार्टी का गठन लोकतंत्र की रक्षा के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि CJP के प्रदर्शनों से पुलिस और मुख्य चुनाव आयुक्त के पद के प्रति जनता के भरोसे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि CJP को कांग्रेस और AISA का समर्थन मिल रहा है और प्रदर्शनकारियों का मकसद भाजपा सरकार को हटाकर अपनी सरकार बनाना है। भटनागर ने प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों के पेट पर हमला किया गया और सेना के जवानों के साथ मारपीट हुई। उन्होंने सवाल किया कि क्या आंदोलन के नाम पर ऐसी घटनाओं को सही ठहराया जा सकता है।
ऋचा गुप्ता ने युवाओं और व्यापारियों का मुद्दा उठाया
कार्यक्रम में कथक नृत्यांगना ऋचा गुप्ता भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि लोगों को इस बात पर विचार करना चाहिए कि देश को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए किस तरह एकजुट हुआ जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
गुप्ता ने भारत की बड़ी युवा आबादी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कई युवा सही दिशा में आगे बढ़ने के बजाय भीड़ के पीछे चल रहे हैं। उन्होंने छोटे दुकानदारों के लिए भी दिवाली के सीजन को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इस दौरान होने वाले विरोध-प्रदर्शनों से व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
कारोबारी नुकसान को लेकर 3,000 करोड़ रुपये का दावा
कार्यक्रम में पत्रकार पवन ने CJP के नाम पर शब्दों का खेल करते हुए कहा, “जहां कॉकरोच होंगे, वहां हिट तो होगा ही।” उन्होंने कारोबार को देश की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा बताते हुए दावा किया कि प्रदर्शनों के कारण दिल्ली-NCR में लोगों को परेशानी हुई है।
पवन ने आरोप लगाया कि कारोबारियों को अब तक करीब 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है और यह आंकड़ा बढ़कर 10,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि, इस दावे के समर्थन में कार्यक्रम के दौरान किसी स्वतंत्र आंकड़े या दस्तावेजी प्रमाण का उल्लेख नहीं किया गया।


