TRENDING TAGS :
लालू, राबड़ी और तेजस्वी को हाई कोर्ट से राहत नहीं, IRCTC केस में आरोप तय करने का आदेश बरकरार
IRCTC घोटाला मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की याचिकाएं खारिज कर दीं हैं। निचली अदालत के आरोप तय करने का आदेश बरकरार।
Lalu Yadav Case
Lalu Yadav Case: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को IRCTC घोटाले से जुड़े मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव की ओर से दाखिल याचिकाओं को खारिज कर दिया है। अदालत ने निचली अदालत के उस आदेश को बरकरार रखा है, जिसमें तीनों के खिलाफ आपराधिक आरोप तय करने का निर्देश दिया गया था।
दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को यह फैसला सुनाया। तीनों नेताओं ने निचली अदालत के 13 अक्टूबर 2025 के आदेश को चुनौती दी थी। उस आदेश में उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए आरोप तय किए गए थे। हाई कोर्ट के ताजा फैसले के बाद अब मामले में ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
लालू यादव पर भ्रष्टाचार का आरोप, राबड़ी और तेजस्वी पर भी शिकंजा
IRCTC घोटाले का यह मामला उस समय का है, जब लालू प्रसाद यादव केंद्र की यूपीए-1 सरकार में रेल मंत्री थे। सीबीआई के मुताबिक, साल 2004 से 2009 के बीच रेलवे के अधीन आने वाले IRCTC के रांची और पुरी स्थित दो होटलों के संचालन का ठेका देने में कथित तौर पर गड़बड़ी की गई थी।
आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर कर इन होटलों का ठेका एक निजी कंपनी को दिया गया। इसके बदले पटना में कीमती जमीन बेहद कम कीमत पर लालू परिवार से जुड़ी कंपनी तक पहुंचाई गई। सीबीआई का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में लालू यादव की भूमिका थी और कथित तौर पर उन्हें तथा उनके परिवार को आर्थिक लाभ पहुंचाया गया।
किस पर कौन से आरोप तय हुए थे?
राउज एवेन्यू कोर्ट ने 13 अक्टूबर 2025 को लालू प्रसाद यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप तय किए थे। वहीं, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप तय किए गए थे। तीनों ने इन आरोपों को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का रुख किया था। हालांकि, अब हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद उन्हें निचली अदालत में मुकदमे का सामना करना होगा।
परिवार ने आरोपों को बताया था राजनीतिक साजिश
लालू परिवार की ओर से जांच और अभियोजन की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए थे। परिवार का पक्ष रहा है कि मामले में उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं हैं और यह कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। हालांकि, हाई कोर्ट ने उनकी याचिकाएं खारिज कर दी हैं। इस फैसले के बाद IRCTC घोटाले से जुड़े मामले में लालू परिवार की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।


