TRENDING TAGS :
चुनाव से पहले कांग्रेस में दिग्गज नेता की एंट्री, सस्पेंशन खत्म करने के पीछे क्या है सियासी दांव?
Madan Lal Jalalpur Rejoins Congress: विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने पूर्व विधायक मदनलाल जलालपुर का निलंबन रद्द कर उनकी पार्टी में वापसी करा दी है। जानिए राजा वडिंग के कार्यकाल में उन्हें क्यों सस्पेंड किया गया था और इस फैसले के क्या हैं सियासी मायने।
Madan Lal Jalalpur
Madan Lal Jalalpur Rejoins Congress: पंजाब में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कांग्रेस ने अपने संगठन को मजबूत करने के लिए पुराने नेताओं को फिर से साथ लाने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी अब उन नेताओं के लिए भी दरवाजे खोल रही है, जिन्हें पिछले प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के कार्यकाल में अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते बाहर का रास्ता दिखाया गया था। इसी कड़ी में पूर्व विधायक मदनलाल जलालपुर की कांग्रेस में वापसी हो गई है। उनकी सदस्यता से जुड़ा निलंबन रद्द कर दिया गया है। इस फैसले को पंजाब कांग्रेस के भीतर पुराने मतभेद खत्म करने और चुनाव से पहले राजनीतिक ताकत बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने मदनलाल जलालपुर की वापसी को मंजूरी दी है। पार्टी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए निलंबन रद्द होने की जानकारी दी और पार्टी में उनका स्वागत किया।
राजा वडिंग के खिलाफ बयानबाजी के बाद हुए थे सस्पेंड
मदनलाल जलालपुर को कांग्रेस से उस समय निलंबित किया गया था, जब पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर घमासान चल रहा था। वह पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी और समर्थक माने जाते हैं। उस दौरान चन्नी और तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के बीच मतभेद खुलकर सामने आए थे।
इसी राजनीतिक खींचतान के बीच मदनलाल जलालपुर ने कांग्रेस नेतृत्व को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। पार्टी ने उनके बयानों और गतिविधियों को अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की थी। अब संगठन में बदलाव के बाद उनका निलंबन वापस लेकर पार्टी में दोबारा शामिल कर लिया गया है।
चन्नी ने भी जलालपुर को बताया था कीमती नेता
मदनलाल जलालपुर की वापसी के पीछे पार्टी के भीतर उन्हें लेकर बनी सकारात्मक राय को भी अहम माना जा रहा है। अगस्त में चरणजीत सिंह चन्नी ने जलालपुर को एक कीमती नेता बताते हुए कहा था कि ऐसे नेताओं को पार्टी से दूर करने के बजाय उन्हें संभालकर रखना चाहिए।
अब परगट सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनकी वापसी ने यह संकेत दिया है कि पंजाब कांग्रेस पुराने विवादों को पीछे छोड़कर संगठन में एकजुटता लाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, पार्टी में वापसी के बाद जलालपुर को संगठन में क्या जिम्मेदारी मिलेगी, इस पर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
चुनाव से पहले कांग्रेस में शुरू हुई नेताओं की वापसी
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन और संगठनात्मक तैयारियों में जुटी है। इसी बीच मदनलाल जलालपुर की वापसी को पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। संभावना है कि कांग्रेस आने वाले कुछ दिनों में उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी कर सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह पहले ही टिकट वितरण को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट कर चुके हैं। उनका कहना है कि उम्मीदवार तय करते समय केवल चुनाव जीतने की क्षमता को ही आधार नहीं बनाया जाएगा, बल्कि उनकी सार्वजनिक छवि और मतदाताओं के बीच स्वीकार्यता भी महत्वपूर्ण होगी।
ऐसे में पार्टी के पुराने नेताओं को वापस जोड़ने की यह पहल चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए अहम हो सकती है। जलालपुर की वापसी से संगठन के भीतर चल रहे मतभेद कम करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


