TRENDING TAGS :
अरबपति विधायक जब बने 'भिखारी': अपने ही वॉचमैन ने दिया धक्का, दोस्त ने भगाया; जानें भाजपा विधायक पराग शाह का अनोखा अनुभव
BJP MLA Parag Shah: महाराष्ट्र के भाजपा विधायक पराग शाह ने जैन गुरु की प्रेरणा पर भिखारी का भेष धारण कर घाटकोपर की सड़कों पर भीख मांगी। अपने ही वॉचमैन और दोस्त ने उन्हें पहचान नहीं पाया।
Parag Shah BJP MLA (Image Credit-Social Media)
BJP MLA Parag Shah: महाराष्ट्र के सबसे अमीर विधायकों में शुमार भाजपा नेता पराग शाह ने हाल ही में अपने जीवन का एक चौंकाने वाला अनुभव साझा किया। पराग शाह अपनी सुरक्षा, लग्जरी कार और सभी सुख-सुविधाओं को छोड़कर फटे-पुराने कपड़े पहनकर मुंबई के घाटकोपर की सड़कों पर निकल पड़े और एक आम भिखारी की तरह भीख मांगी। शाह के अनुसार, इस पूरे प्रयोग का उद्देश्य अहंकार को मिटाना और "जीवन की जमीनी हकीकत" को महसूस करना था।
वॉचमैन ने दिया धक्का, दोस्त ने भी नहीं पहचाना
पराग शाह ने बताया कि जब वे भेष बदलकर भीख मांगते हुए अपने ही आवासीय परिसर में पहुंचे, तो वहां तैनात वॉचमैन ने उन्हें असली भिखारी समझकर धक्का देकर बाहर कर दिया। इतना ही नहीं, जब वे अपने एक करीबी दोस्त के पास पहुंचे—जो आम तौर पर गरीबों की मदद के लिए जाने जाते हैं—तो वे भी फटे कपड़ों में अपने दोस्त को पहचान नहीं सके और उन्हें वहां से भगा दिया। शाह ने खुलासा किया कि उन्होंने यह कदम एक जैन धर्मगुरु की प्रेरणा से अहंकार को शून्य करने के लिए उठाया था।
कौन हैं पराग शाह?
मुंबई के घाटकोपर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विधायक पराग शाह एक गुजराती जैन परिवार से आते हैं और कॉमर्स ग्रेजुएट हैं। उन्होंने 1991 में अपने पारिवारिक कंस्ट्रक्शन कारोबार से करियर की शुरुआत की। 2002 में उन्होंने अपनी उद्यमशीलता और विज़न के बल पर 'मैन इन्फ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड' (MICL) की नींव रखी।
कंपनी का दायरा और संपत्ति
पराग शाह के नेतृत्व में मैन इन्फ्राकंस्ट्रक्शन वर्ष 2010 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध (लिस्टेड) हुई। कंस्ट्रक्शन और रियल एस्टेट सेक्टर में दशकों का अनुभव रखने वाली इस कंपनी का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन ₹5,000 करोड़ से अधिक के स्तर पर पहुंच चुका है। वहीं, चुनावी हलफनामों के अनुसार, पराग शाह की कुल पारिवारिक संपत्ति लगभग ₹3,383 करोड़ घोषित की गई है, जिससे वे महाराष्ट्र के सबसे संपन्न जनप्रतिनिधियों में शीर्ष पर आते हैं।
कंपनी का काम और नई पीढ़ी को कमान
मैन इन्फ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड मुख्य रूप से पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, रेजिडेंशियल टावर्स और बड़े कमर्शियल प्रोजेक्ट्स के लिए एकीकृत इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) सेवाएं प्रदान करती है। सक्रिय राजनीति, सामाजिक सरोकारों और परोपकारी कार्यों पर अधिक समय देने के उद्देश्य से पराग शाह ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) पद से इस्तीफा दे दिया था। वर्तमान में कंपनी के प्रबंध निदेशक (MD) की जिम्मेदारी उनके बेटे मनन शाह संभाल रहे हैं।


