TRENDING TAGS :
Maharashtra Temple Accident: हनुमान मंदिर में बड़ा हादसा, सभा मंडप की छत गिरी, 7 श्रद्धालुओं की मौत
Maharashtra Temple Accident: महाराष्ट्र के परभणी जिले के यशवाड़ी देवस्थान स्थित हनुमान मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन सभा मंडप की छत गिरने से 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
Image Source- Social Media
Maharashtra Temple Accident: महाराष्ट्र के परभणी (Parbhani) जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान (Yashwadi Devasthan) में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। प्रसिद्ध हनुमान मंदिर (Hanuman Temple) के गर्भगृह के सामने निर्माणाधीन सभा मंडप (Assembly Hall) की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार का माहौल बन गया। घटना में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज जारी है।
बड़ी संख्या में मौजूद थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार हादसे के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। शनिवार होने के कारण दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन सभा मंडप की छत अचानक गिर गई और कई लोग मलबे की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
युद्ध स्तर पर चल रहा राहत और बचाव अभियान
हादसे के बाद मौके पर कई एंबुलेंस (Ambulance) पहुंचाई गईं और मेडिकल टीमों (Medical Teams) को भी तैनात कर दिया गया। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। मलबे में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की टीमें पूरी सतर्कता के साथ बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं को इलाज के लिए परभणी जिला सामान्य अस्पताल (Parbhani District General Hospital) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन मौके पर राहत कार्य लगातार जारी है।
मेघना बोर्डिकर ने लिया घटना का संज्ञान
हादसे के बाद परभणी की गार्जियन मंत्री (Guardian Minister) मेघना बोर्डिकर (Meghna Bordikar) ने पूरे मामले का गंभीरता से संज्ञान लिया है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने जिला अधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) से संपर्क कर राहत कार्यों की जानकारी ली। साथ ही सभी जरूरी राहत उपकरण और क्रेन (Crane) तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिए ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को दिए निर्देश
घटना के बाद एनसीपी (NCP) विधायक राजेश विटेकर (Rajesh Vitekar) और जिले के अन्य प्रमुख नेताओं ने भी प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने अधिकारियों को बचाव अभियान में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। फिलहाल मंदिर परिसर में राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटा हुआ है।


