TRENDING TAGS :
राम मंदिर में चढ़ावे की सुरक्षा के लिए उठाया बड़ा कदम, ट्रस्ट बोला- 'अब एक पैसा भी गायब नहीं होगा'
Ayodhya Ram Mandir Donation Security: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की सुरक्षा के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 360 डिग्री कैमरों और 8 सदस्यीय मॉनिटरिंग टीम की व्यवस्था लागू की है। दान गबन मामले की जांच के बीच अब पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी।
Ayodhya Ram Mandir Donation Security: अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ा फैसला लिया है। दान राशि में कथित गड़बड़ी की जांच के बीच ट्रस्ट ने अब पूरे दान प्रबंधन सिस्टम को हाई-टेक निगरानी के दायरे में ला दिया है। 25 जुलाई से लागू नई व्यवस्था के तहत चढ़ावे से जुड़ी हर प्रक्रिया की 360 डिग्री कैमरों से लगातार वीडियोग्राफी की जाएगी।
दान की पूरी प्रक्रिया कैमरे में होगी कैद
ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि अब दान पेटियों को काउंटिंग रूम से बाहर निकालने, मंदिर परिसर में रखने, भरने, सील करने और वापस काउंटिंग रूम तक लाने की पूरी प्रक्रिया कैमरों की निगरानी में रिकॉर्ड होगी।
उन्होंने कहा कि खाली दान पेटी को काउंटिंग रूम से निकालने से लेकर श्रद्धालुओं के चढ़ावे से भरकर सील करने और वापस जमा करने तक हर चरण की वीडियोग्राफी अनिवार्य कर दी गई है।
8 सदस्यीय मॉनिटरिंग टीम करेगी निगरानी
नई व्यवस्था के तहत दो पेशेवर वीडियोग्राफर पूरे ऑपरेशन की रिकॉर्डिंग करेंगे। वहीं एक आठ सदस्यीय निगरानी टीम भी बनाई गई है, जिसमें बैंक अधिकारियों, ट्रस्ट प्रतिनिधियों, निजी सुरक्षा कर्मियों और अन्य अधिकृत कर्मचारियों को शामिल किया गया है।
दान पेटियां काउंटिंग रूम में पहुंचने के बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के अधिकारी उन्हें सील करेंगे और उसके बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
अब अलग-अलग दिनों में खुलेंगी दान पेटियां
ट्रस्ट ने दान पेटियों को खोलने की प्रक्रिया में भी बदलाव किया है। पहले कई दान पेटियां एक साथ खोली जाती थीं, लेकिन अब मंदिर की करीब 40 दान पेटियों को अलग-अलग दिनों में खोला जाएगा। इससे प्रत्येक पेटी की अलग से निगरानी और रिकॉर्डिंग संभव होगी तथा पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
कथित गबन मामले की जांच जारी
यह नया निगरानी तंत्र उस समय लागू किया गया है जब राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे के कथित गबन की जांच अभी भी जारी है।
जांच एजेंसियां मुख्य आरोपी रामशंकर 'टिन्नू' यादव की पत्नी पूनम देवी के नाम से पंजीकृत सौंदर्य कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स के वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही हैं। जांच अधिकारी ने इस फर्म से जुड़े रिकॉर्ड राज्य कर विभाग से मांगे हैं।
इस विवाद के बाद ट्रस्ट में भी बदलाव हुए थे। कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने पद छोड़ दिए थे।
ट्रस्ट का दावा- अब एक पैसा भी नहीं होगा गायब
महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी जरूरत के अनुसार सुरक्षा और पारदर्शिता से जुड़े सुधार करता रहेगा। उन्होंने कहा, "अब राम मंदिर में एक पैसा भी गायब नहीं हो सकता। सब कुछ पूरी तरह सुरक्षित है।"


