TRENDING TAGS :
Karnataka Congress: 'तुम लोग निकम्मे हो...', DK-DK के नारों पर भड़के मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दी कार्रवाई की चेतावनी
Karnataka Congress: बेंगलुरु में आयोजित कांग्रेस के 'संकल्प समावेश' में 'डीके-डीके' के नारों से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कार्यकर्ताओं पर भड़क गए। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को 'निकम्मा' कहा और वीडियो फुटेज देखकर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
Karnataka Congress: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित कांग्रेस के एक अहम कार्यक्रम के दौरान एक अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंच से अपने ही कार्यकर्ताओं पर बुरी तरह भड़क उठे। नौबत यहां तक आ गई कि उन्होंने गुस्से में कार्यकर्ताओं को 'निकम्मा' तक कह डाला और उन्हें चिन्हित कर उन पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दे डाली। यह पूरा वाकया कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित 'संकल्प समावेश' के दौरान हुआ, जहां भारी संख्या में पार्टी समर्थक और कार्यकर्ता जुटे थे।
दिग्गजों का लगा था जमावड़ा
इस खास आयोजन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था। मंच पर उनके साथ राज्य के कई दिग्गज नेता विराजमान थे। इनमें डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया और राज्य प्रभारी रणदीप सुरजेवाला जैसे कई बड़े चेहरे शामिल थे।
'डीके-डीके' के नारों से बिगड़ा माहौल
कार्यक्रम अपनी गति से चल रहा था और मल्लिकार्जुन खड़गे वहां मौजूद भीड़ को संबोधित कर रहे थे। तभी कुछ अति-उत्साहित कार्यकर्ताओं ने डीके शिवकुमार को देखकर जोर-जोर से 'डीके-डीके' के नारे लगाने शुरू कर दिए। अपने भाषण के बीच इस तरह की नारेबाजी और बेवजह का शोरगुल देखकर कांग्रेस अध्यक्ष का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने मंच से ही अपनी गहरी नाराजगी जाहिर कर दी।
खड़गे ने लगाई कड़ी फटकार
नारेबाजी कर रहे लोगों को फटकार लगाते हुए खड़गे ने सीधे शब्दों में कहा कि क्या इस तरह यहां शोर मचाने से पूरे देश में कोई असर पड़ने वाला है। उन्होंने तल्ख लहजे में पूछा कि क्या बाकी लोग यहां सिर्फ कचरा साफ करने के लिए बैठे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि यह किसी एक व्यक्ति विशेष का आयोजन नहीं है, बल्कि पूरी पार्टी का कार्यक्रम है। इसी गुस्से में उन्होंने अंग्रेजी में कार्यकर्ताओं को 'यू यूजलेस फेलोज' यानी तुम लोग निकम्मे हो, तक कह दिया। माहौल को बिगड़ता देख डीके शिवकुमार को खुद अपनी सीट से उठकर लोगों से शांत रहने और बैठ जाने की अपील करनी पड़ी।
फुटेज देखकर होगी सख्त कार्रवाई
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में किसी व्यक्ति विशेष की पूजा नहीं होती और हम सभी यहां पार्टी के लिए एकजुट हुए हैं। उन्होंने अपने 58 साल के लंबे राजनीतिक सफर का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी ने कई ऐसे नेताओं को बहुत कुछ दिया है, जिनका योगदान भले ही कम रहा हो। खड़गे ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग भी यहां अनुशासनहीनता कर रहे हैं, उनका वीडियो फुटेज मौजूद होगा। उस फुटेज की बारीकी से जांच की जाएगी और हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।


