लड़ते रहे ईरान-अमेरिका! इधर भारत ने बना डाला LPG का 'पाताल लोक', चौंका देगा गुफा की खासियत

कर्नाटक के मंगलुरु में देश की सबसे बड़ी भूमिगत LPG भंडारण गुफा तैयार की गई है, जिसमें 80 हजार मीट्रिक टन रसोई गैस रखी जा सकेगी।

Sachin Singh
Published on: 12 Nov 2026 8:23 PM IST
लड़ते रहे ईरान-अमेरिका! इधर भारत ने बना डाला LPG का पाताल लोक, चौंका देगा गुफा की खासियत
X

Mangaluru LPG Cavern: रसोई गैस की सप्लाई में कभी कोई बड़ी रुकावट आ जाए तो देश को कितनी परेशानी हो सकती है, इसका अंदाजा हाल के अंतरराष्ट्रीय तनाव के दौरान लगाई गई मुश्किलों से लगाया जा सकता है। इसी तरह की चुनौतियों से निपटने के लिए भारत ने कर्नाटक के मंगलुरु में एक खास इंतजाम तैयार किया है। यहां जमीन के नीचे चट्टानों को काटकर देश की सबसे बड़ी LPG भंडारण गुफा बनाई गई है।

इसमें एक साथ 80 हजार मीट्रिक टन रसोई गैस स्टोर की जा सकेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को इस परियोजना को देश को समर्पित करने वाले हैं। करीब 854 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस गुफा को इस तरह डिजाइन किया गया है कि जमीन के नीचे बड़ी मात्रा में गैस सुरक्षित रखी जा सके और ऊपर की जमीन का इस्तेमाल दूसरे कामों के लिए किया जा सके। इसकी बनावट और तकनीक इसे देश के ऊर्जा भंडारण ढांचे की एक खास परियोजना बनाती है।

आखिर कैसे काम करती है जमीन के नीचे बनी यह गुफा?

मंगलुरु के बाला इलाके में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) की यूनिट के पास यह भंडारण गुफा बनाई गई है। इसे तैयार करने के लिए जमीन के नीचे मौजूद मजबूत चट्टानों को काटकर सुरंगों और बड़े-बड़े स्टोरेज चैंबर बनाए गए हैं। इस परियोजना का निर्माण 2019 में शुरू हुआ था। मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MEIL) ने 6 जून को इसके सफलतापूर्वक पूरा होने की जानकारी दी थी। कंपनी के मुताबिक, परियोजना के सभी जरूरी टेस्ट भी पूरे हो चुके हैं।

इस गुफा में LPG को दबाव के जरिए तरल रूप में रखा जाएगा। LPG यानी लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस को दबाव में रखने से वह कम जगह में ज्यादा मात्रा में स्टोर हो सकती है। यही वजह है कि जमीन के नीचे बने सीमित स्थान में भी हजारों टन गैस जमा करना संभव हो पाता है।

80 हजार टन गैस रखने के लिए बने हैं दो बड़े चैंबर

इस पूरी परियोजना की सबसे खास बात इसके दो मुख्य स्टोरेज चैंबर हैं। इन्हें S1 और S2 नाम दिया गया है। ये चैंबर जमीन के नीचे क्रमशः 220 मीटर और 225 मीटर की गहराई पर बनाए गए हैं। इन दोनों में मिलाकर 80 हजार मीट्रिक टन LPG रखी जा सकेगी। वहीं, गुफा का वर्टिकल शाफ्ट करीब 164.1 मीटर तक जाता है।

गुफा के अंदर आने-जाने और अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने के लिए सुरंगों का जाल तैयार किया गया है। इसमें 1,083 मीटर लंबी एक्सेस टनल बनाई गई है। इसके अलावा 578.2 मीटर और 804.31 मीटर लंबी ऊपरी और निचली वॉटर कर्टेन सुरंगें हैं। अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने के लिए 486.2 मीटर लंबी कनेक्टिंग टनल भी बनाई गई है।

पानी का पर्दा गैस के रिसाव को रोकने में करेगा मदद

इस गुफा की एक और खासियत इसका वॉटर कर्टेन सिस्टम है। जमीन के नीचे चट्टानों के आसपास पानी का दबाव बनाए रखने के लिए यह सिस्टम लगाया गया है। इसका मकसद चट्टानों में दरारों के रास्ते गैस के रिसाव के खतरे को कम करना है। यानी गुफा की सुरक्षा के लिए सिर्फ मजबूत चट्टानों पर निर्भर नहीं रहा गया, बल्कि पानी के दबाव वाली तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है।

गुफा में LPG पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर उसे बाहर निकालने के लिए खास पाइपलाइन और उपकरण लगाए गए हैं। इसके अलावा 9.4 किलोमीटर लंबी LPG पाइपलाइन न्यू मंगलुरु पोर्ट को मुख्य टर्मिनल से जोड़ती है। इससे विदेश से जहाजों के जरिए आने वाली LPG को बंदरगाह से सीधे स्टोरेज टर्मिनल तक पहुंचाया जा सकेगा। वहां गैस को सुरक्षित रखने के बाद जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल किया जा सकेगा।

विशाखापत्तनम से भी बड़ी है मंगलुरु की गुफा

भारत में इससे पहले विशाखापत्तनम में 60 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाली भूमिगत LPG भंडारण गुफा बनाई गई थी। लेकिन मंगलुरु की नई गुफा की क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। इस तरह यह देश की सबसे बड़ी भूमिगत LPG भंडारण सुविधा बन गई है।

मंगलुरु में पहले से ही भूमिगत तेल भंडारण की दो सुविधाएं मौजूद हैं। इनमें पर्मुडे में 1.5 लाख मीट्रिक टन और पडुर में 2.5 लाख मीट्रिक टन क्षमता वाला भंडारण केंद्र है। अब LPG की इस नई सुविधा से शहर में देश के ऊर्जा भंडारण ढांचे को और मजबूती मिलेगी।

अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच भारत को कैसे मिलेगा फायदा?

भारत अपनी जरूरत की LPG का एक बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में अगर किसी युद्ध, अंतरराष्ट्रीय तनाव या सप्लाई रूट में रुकावट की वजह से विदेश से गैस आनी बंद हो जाए या इसमें देरी हो, तो देश में रसोई गैस की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

ऐसी स्थिति में मंगलुरु की यह गुफा काम आ सकती है। इसमें जमा 80 हजार मीट्रिक टन LPG का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर किया जा सकेगा। इससे अचानक सप्लाई में आई रुकावट के दौरान कुछ समय तक गैस की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिल सकती है। साथ ही, देश को अलग-अलग स्रोतों से गैस मंगाने और सप्लाई व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकता है।

कुल मिलाकर, मंगलुरु की यह भूमिगत LPG भंडारण गुफा सिर्फ गैस रखने का ठिकाना नहीं है, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसकी खास डिजाइन, विशाल स्टोरेज क्षमता, वॉटर कर्टेन सिस्टम और बंदरगाह से जुड़ी पाइपलाइन इसे बेहद अहम बनाती है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story