TRENDING TAGS :
मणिपुर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, 3 उग्रवादी की मौत, घर छोड़कर भागे गांव वाले
मणिपुर के नोनेई जिले में बुधवार सुबह दो विरोधी नगा उग्रवादी गुटों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई।
Manipur Violence: मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की घटना सामने आई है। बुधवार सुबह नोनेई जिले में दो विरोधी नगा उग्रवादी गुटों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इस खूनी संघर्ष में कम से कम तीन उग्रवादियों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच सुबह करीब 4 बजे फायरिंग शुरू हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
यह घटना नगा बहुल नोनेई जिले के खौपुम इलाके के ताओदाइजांग गांव में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में शामिल लोग अलग-अलग नगा उग्रवादी संगठनों से जुड़े हो सकते हैं। इनमें जेलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट (जेंचुई) और उसके विरोधी गुटों के कैडरों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। गोलीबारी के बाद गांव वालों में खौफ का माहौल है। लोग अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।
सुबह 4 बजे शुरू हुई दोनों गुटों के बीच गोलीबारी
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब 4 बजे अचानक दोनों गुटों के बीच भारी गोलीबारी शुरू हो गई। काफी देर तक दोनों तरफ से गोलियां चलने की खबर है। इस दौरान कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई।
गोलीबारी रुकने के बाद मारे गए लोगों के शव स्थानीय लोगों ने बरामद किए। हालांकि, अभी तक मृतकों की पहचान और इस संघर्ष के पीछे की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है।
घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोग
गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोग भी सक्रिय हो गए। स्थानीय लोग, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं, घटनास्थल पर पहुंचे। उनका मकसद दोनों गुटों के बीच आगे होने वाली हिंसा को रोकना था।
स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली यानी लाउडस्पीकर के जरिए उग्रवादी गुटों के कैडरों से गोलीबारी बंद करने की अपील की। उन्होंने दोनों पक्षों से संघर्ष रोकने और इलाके में शांति बनाए रखने की गुहार लगाई।
संघर्ष के पीछे की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों नगा उग्रवादी गुटों के बीच गोलीबारी किस वजह से शुरू हुई। शुरुआती जानकारी में जेलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट (जेंचुई) और उसके विरोधी गुटों के बीच संघर्ष की आशंका जताई गई है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल इस मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।


