मोहम्मद शमी पर टूटा मुसीबतों का पहाड़! चुनाव आयोग ने थमाया कड़ा नोटिस, भाई समेत होना होगा पेश

भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी और उनके भाई मोहम्मद कैफ को चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए बुलाया। शमी विजय हजारे ट्रॉफी में व्यस्त हैं, जिसकी वजह से वह निर्धारित सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके। जानिए पूरी खबर।

Shivam Shrivastava
Published on: 6 Jan 2026 1:33 PM IST
Cricketer Mohammad Shami Death Threats through e mail crime branch start investigation
X

भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी

भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चुनाव आयोग ने शमी और उनके भाई क्रिकेटर मोहम्मद कैफ को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए बुलाया है। इस प्रक्रिया की शुरुआत 16 दिसंबर को हुई थी।

सोमवार को साउथ कोलकाता के जादवपुर इलाके के कार्टजू नगर स्कूल से नोटिस जारी किए गए, जिसमें शमी और कैफ को असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर के सामने पेश होने का आदेश दिया गया।

विजय हजारे ट्रॉफी में पश्चिम बंगाल की टीम से खेलते हुए शमी तय समय पर सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हो सके, क्योंकि वह इस समय राजकोट में हैं।

शमी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर अपनी अनुपस्थिति का कारण बताया। उन्होंने लिखा, "मैं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में 05 जनवरी 2026 को आपके कार्यालय में मेरी उपस्थिति के संदर्भ में प्राप्त नोटिस के बारे में लिख रहा हूं। मैं आपको सम्मानपूर्वक सूचित करना चाहता हूं कि घरेलू क्रिकेट मैचों में मेरी वर्तमान भागीदारी की वजह से, मैं आधिकारिक तौर पर बंगाल राज्य टीम का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं, और मैं उल्लिखित तारीख और समय पर निर्धारित सुनवाई में शामिल नहीं हो पाऊंगा।"

शमी कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के वार्ड नंबर 93 में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, जो रासबिहारी असेंबली क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाले शमी लंबे समय से कोलकाता में रह रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, शमी और उनके भाई का नाम सुनवाई सूची में एन्यूमरेशन फॉर्म में गड़बड़ियों की वजह से आया। ये गड़बड़ियां प्रोजेनी मैपिंग और सेल्फ-मैपिंग में हुई गलतियों से संबंधित हैं। शमी के मामले की सुनवाई 9 से 11 जनवरी के बीच होनी है।

बंगाल के लिए फाइनल मतदाता सूची 14 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी। दिसंबर में प्रकाशित एसआईआर ड्राफ्ट रोल से 58 लाख से ज्यादा नाम हटा दिए गए हैं।

Shivam Shrivastava
ABOUT THE AUTHOR

Shivam Shrivastava

Former Content Writer Mail ID - shivam09231@gmail.comshivam09231@gmail.com

शिवम उत्तर प्रदेश के एक युवा और उभरते पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 4 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। वे राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और हाइपरलोकल खबरों की गहरी समझ रखते हैं और समसामयिक मुद्दों पर सटीक व प्रभावशाली रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उनकी विशेष रुचि डाटा-ड्रिवन पत्रकारिता और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग में है, जिससे उनकी खबरें अधिक तथ्यात्मक और विश्वसनीय बनती हैं। वे जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग के साथ-साथ डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप को भी समझते हैं। लेखन और रिसर्च में उनकी मजबूत पकड़ उन्हें एक सक्षम और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में स्थापित करती है।

Next Story