मोहम्मद सिराज पर कांग्रेस में दो फाड़! इमरान मसूद को उनकी ही पार्टी की नेता ने लगाई फटकार

मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर इमरान मसूद ने धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया। अब कांग्रेस सांसद ने ही उन्हें कड़ी फटकार लगा दी है।

Sawan Gupta
Published on: 21 Nov 2026 7:05 PM IST
Siraj Selection Controversy
X

Siraj Selection Controversy

Mohammed Siraj Selection Controversy: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले ने अब पूरी तरह से राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज को टीम में शामिल नहीं किए जाने पर धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया था। अब उनकी ही पार्टी की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने इस बयान पर असहमति जताते हुए उन्हें खेल और राजनीति को अलग रखने की सलाह दी है।

रंजीत रंजन ने इमरान मसूद को दी नसीहत

रंजीत रंजन ने इमरान मसूद के बयान पर बड़ी प्रतिक्रिया है। उन्होंने कहा कि नेताओं को खेलों के मामले में दखल नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा, "मैं बस मसूद जी से यही आग्रह करूंगी कि वे राजनीति और खेल को अलग रखें। कृपया खेलों में दखल न दें। खेलों का अपना एक अलग दायरा होता है और योग्यता तय करने के अपने पैमाने होते हैं। हर खिलाड़ी का अपना अलग संघर्ष होता है।"

रंजीत रंजन ने आगे कहा कि नेताओं को खिलाड़ियों और खेलों को अपनी राजनीतिक बहस में नहीं घसीटना चाहिए। उन्होंने इसे पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।

इमरान मसूद ने सिराज को लेकर क्या कहा था?

दरअसल, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिलने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को उनके नाम की वजह से टीम में शामिल नहीं किया गया। मसूद ने कहा था कि अगर किसी खिलाड़ी को अच्छे प्रदर्शन के बाद भी मौका नहीं मिलता है तो यह भेदभाव है। मसूद ने शनिवार को भी अपने बयान का बचाव किया। उन्होंने मोहम्मद शमी और सरफराज खान का उदाहरण देते हुए कहा कि टीम में चयन प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए। उनका कहना था कि किसी खिलाड़ी के चयन में इस बात से फर्क नहीं पड़ना चाहिए कि वह कहां से आता है।

वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी इमरान मसूद का समर्थन किया था। उन्होंने एक कदम आगे जाते हुए यहां तक कह दिया कि क्रिकेट में केवल मुस्लिमों के साथ ही नहीं, बल्कि दलितों और अति पिछड़ों के साथ भी पक्षपात होता आया है।

बीजेपी ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना

इमरान मसूद के बयान पर बीजेपी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर क्रिकेट टीम के चयन में भी वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में हर खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करता है और क्रिकेट को धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

सिराज को लेकर क्या थी टीम मैनेजमेंट की दलील?

मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के फैसले पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने टीम मैनेजमेंट का बचाव किया था। गिल ने कहा था कि टीम संयोजन को लेकर पिछले एक सप्ताह से विचार-विमर्श चल रहा था और सभी तेज गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं, कोटक ने कहा था कि टीम मैनेजमेंट ने उपलब्ध विकल्पों में से सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन चुनी थी और सिराज को बाहर रखना गलत फैसला नहीं था।

भारत ने इस मैच के लिए जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज को तेज गेंदबाजों के तौर पर चुना था। ऐसे में सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर क्रिकेट विशेषज्ञों और नेताओं के बीच बहस शुरू हो गई।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story