TRENDING TAGS :
'हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र बताने वाले लोग मानसिक रूप से...'तारीफ में क्या बोल गए मोहन भागवत?
Mohan Bhagwat Statement: RSS प्रमुख मोहन भागवत ने 1930 के दशक में संघ का समर्थन करने वाले मुस्लिम व्यक्ति इब्राहिम का किस्सा सुनाया। उनके बयान पर साउथ इंडिया दरगाह एंड मस्जिद एसोसिएशन ने तारीफ करते हुए कहा कि सच और देशभक्ति का कोई धर्म नहीं होता।
Mohan Bhagwat Statement
Mohan Bhagwat Statement: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और मुस्लिम समुदाय के बीच संबंधों को लेकर अक्सर राजनीतिक बहस होती रहती है। इस बीच संघ प्रमुख मोहन भागवत ने करीब 90 साल पुराने एक ऐसे किस्से का जिक्र किया है, जिसमें एक मुस्लिम व्यक्ति ने RSS पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश का विरोध किया था। भागवत ने इब्राहिम नाम के इस व्यक्ति के योगदान को याद किया तो 'साउथ इंडिया दरगाह एंड मस्जिद एसोसिएशन' ने उनके बयान का स्वागत किया। एसोसिएशन ने कहा कि किसी व्यक्ति के योगदान को उसके धर्म से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।
जब RSS पर प्रतिबंध लगाने की हुई थी कोशिश
मोहन भागवत ने 1930 के दशक की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय सेंट्रल प्रोविंसेज की विधानसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी। भागवत के मुताबिक, उस वक्त संघ के समर्थन में कोई स्वयंसेवक सामने नहीं आया। ऐसे मुश्किल समय में इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संगठन के पक्ष में आवाज उठाई।
भागवत ने बताया कि इब्राहिम का कहना था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह सांप्रदायिक (Communal) संगठन नहीं है। उन्होंने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का उदाहरण देते हुए कहा था कि वह उन्हें जानते हैं और हेडगेवार एक नेक इंसान हैं। ऐसे में संघ को सांप्रदायिक संगठन कहना सही नहीं होगा।
मस्जिद एसोसिएशन ने क्यों की भागवत की तारीफ?
मोहन भागवत के इस बयान पर 'साउथ इंडिया दरगाह एंड मस्जिद एसोसिएशन' के सचिव जाफर अली ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के योगदान को धार्मिक पहचान से ऊपर उठकर सम्मान देना आपसी सद्भाव (Communal Harmony) और लोकतांत्रिक भावना (Democratic Spirit) की अच्छी मिसाल है।
जाफर अली ने कहा, "सच का कोई धर्म नहीं होता, इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती और देशभक्ति हर भारतीय का अधिकार है।" उन्होंने आगे कहा कि भारत का इतिहास सभी धर्मों के लोगों के योगदान से समृद्ध हुआ है। ईसाई और सिख समेत हर समुदाय की देश के भविष्य में बराबर की हिस्सेदारी है।
'आस्था अलग, लेकिन संविधान और मातृभूमि एक'
एक समाचार एजेंसी के रिपोर्ट के मुताबिक, जाफर अली ने कहा कि समाज में किसी भी व्यक्ति के योगदान का मूल्यांकन उसकी धार्मिक पहचान के आधार पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था भले ही अलग-अलग हो, लेकिन संविधान, मातृभूमि और भविष्य साझा है।
एसोसिएशन के सचिव के मुताबिक, इब्राहिम के योगदान को याद किया जाना आपसी सम्मान और राष्ट्रीय एकता (National Unity) का संदेश देता है। उन्होंने मोहन भागवत की इस बात की सराहना की कि उन्होंने पुराने इतिहास में एक मुस्लिम व्यक्ति की भूमिका को सार्वजनिक रूप से याद किया।
इब्राहिम ने क्या कहा था?
मोहन भागवत ने इब्राहिम के तर्क का जिक्र करते हुए बताया कि उनका मानना था कि हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र बताने वाले लोग मानसिक रूप से बीमार हैं और उन्हें मानसिक अस्पताल भेजा जाना चाहिए। इस पर इब्राहिम ने कहा था कि वह डॉ. हेडगेवार को जानते हैं और वे मानसिक रूप से बीमार नहीं, बल्कि एक नेक इंसान हैं। इसलिए उनके संगठन को सांप्रदायिक नहीं कहा जा सकता।


