TRENDING TAGS :
'जेपी नड्डा मुर्दाबाद' बोलते-बोलते सधे CM मोहन यादव, बॉडी गार्ड का रिएक्शन VIRAL
भोपाल में बीजेपी की रैली के दौरान CM मोहन यादव की जुबान फिसल गई। जेपी नड्डा के सामने मुर्दाबाद का नारा लगा दिया। अखिलेश यादव और सुप्रिया श्रीनेत ने वीडियो शेयर कर कसा तंज।
Mohan Yadav JP Nadda Murdabad Viral Video
Mohan Yadav Viral Video, Bhopal: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जुबान ऐसी फिसली कि अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के लिए मुर्दाबाद का नारा निकल गया। दिलचस्प बात यह रही कि जिस वक्त मुख्यमंत्री की यह जुबानी चूक हुई, उस समय जेपी नड्डा खुद मंच पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने तुरंत अपनी गलती सुधारी, लेकिन तब तक कैमरे में कैद हुआ यह पूरा वाकया सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। अब इस वीडियो में मुख्यमंत्री के पीछे खड़े बॉडीगार्ड (PSO) का रिएक्शन भी खूब चर्चा बटोर रहा है।
यह पूरा घटनाक्रम बुधवार, 4 नवंबर को भोपाल में बीजेपी की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' कार्यक्रम के दौरान हुआ। टीटी नगर में आयोजित सभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री मोहन यादव और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कार्यक्रम के तहत अटल पथ से रोशनपुरा चौराहे तक पदयात्रा भी निकाली गई।
नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के बाद फिसली जुबान
दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव मंच से पार्टी के समर्थन में नारे लगवा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पहले 'नरेंद्र मोदी जिंदाबाद' का नारा लगाया। इसके बाद जब जेपी नड्डा के समर्थन में नारा लगवाने की बारी आई तो उनके मुंह से अचानक 'जेपी नड्डा मुर्दा...' निकल गया। हालांकि, गलती का अहसास होते ही उन्होंने तुरंत खुद को संभाला और 'जिंदाबाद' बोलकर नारा पूरा किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के खिलाफ मुर्दाबाद का नारा लगवाया। लेकिन तब तक मंच पर मौजूद नेताओं के चेहरों पर मुस्कान आ चुकी थी। बीजेपी की वरिष्ठ नेता और मंत्री कृष्णा गौर समेत मंच पर बैठे नेताओं की हंसी भी वीडियो में सुनाई दी।
बॉडीगार्ड के रिएक्शन पर सुप्रिया श्रीनेत का तंज
इस वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री के पीछे खड़े सुरक्षा अधिकारी का रिएक्शन भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने तंज कसते हुए लोगों से मुख्यमंत्री के पीछे खड़े PSO का रिएक्शन देखने को कहा।
इसके बाद सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने मुख्यमंत्री की जुबानी चूक पर निशाना साधा, जबकि कुछ लोगों ने इसे महज बोलते समय हुई गलती बताया।
राहुल गांधी पर बरसे जेपी नड्डा
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर 'हिट एंड रन' की राजनीति करने का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग ने कांग्रेस से आरोपों के समर्थन में सबूत और हलफनामा मांगा, लेकिन पार्टी ऐसा करने में विफल रही।
उन्होंने कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख वोट काटे जाने के कांग्रेस के आरोप का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने इस संबंध में लिखित हलफनामा मांगा था, लेकिन 470 दिन बीतने के बाद भी कांग्रेस ने इसे जमा नहीं किया।
नड्डा ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र पर खतरे की बात करने वाली कांग्रेस ने खुद सत्ता में रहते हुए अनुच्छेद 356 का 90 बार दुरुपयोग किया। उन्होंने विपक्षी गठबंधन के नेताओं पर भी निशाना साधा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की जाने वाली टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस को घेरा।
रैली में कुर्सियों को लेकर भी दिखी खींचतान
भोपाल की इस रैली में केवल मोहन यादव की जुबान फिसलने का मामला ही चर्चा में नहीं रहा। कार्यक्रम के दौरान बीजेपी नेताओं के बीच आगे की पंक्ति में बैठने को लेकर भी असहज स्थिति देखने को मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा तथा मंत्री विश्वास सारंग के बीच आगे बैठने को लेकर बहस हुई।
वहीं, कार्यक्रम में पहुंची कुछ महिलाओं ने नाश्ते और पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। इस तरह कांग्रेस पर हमला बोलने के लिए आयोजित बीजेपी का कार्यक्रम कई वजहों से चर्चा में आ गया। फिलहाल, मुख्यमंत्री मोहन यादव की 'जेपी नड्डा मुर्दाबाद' वाली जुबानी चूक सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रही है।


