India Weather Alert: 12 राज्यों में मॉनसून का असर तेज, यूपी और बिहार में बारिश का इंतजार होगा खत्म

India Weather Alert: मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 12 राज्यों में बारिश शुरू हो चुकी है। उत्तर भारत में हीटवेव जारी है, लेकिन जल्द बारिश की राहत मिलने वाली है।

Akriti Pandey
Published on: 8 Jun 2026 12:16 PM IST
India Weather Alert
X

India Weather Alert

India Weather Alert: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब तक देश के करीब 12 राज्यों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुका है। केरल से प्रवेश करने के बाद मॉनसून ने कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों को अच्छी बारिश से तरबतर कर दिया है। वहीं महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी मॉनसून की सक्रियता देखने को मिल रही है। दूसरी ओर उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अभी भी जारी है।

उत्तर भारत में गर्मी का कहर, राहत की उम्मीद

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में फिलहाल तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जून को हीटवेव का असर जारी रह सकता है और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि राहत की खबर यह है कि 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में बारिश के आसार बन सकते हैं।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में बदला मौसम

राजस्थान के श्रीगंगानगर में धूलभरी आंधी के बाद बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने 8 जून को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। मध्य प्रदेश के इंदौर में भी तेज आंधी और हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है।

दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मॉनसून के सक्रिय होने से कर्नाटक और केरल में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नागालैंड, मिजोरम और मणिपुर में भारी बारिश जारी है। कई इलाकों में भूस्खलन की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 जुलाई तक मॉनसून पूरे देश में फैल जाएगा।

अगले दो दिन का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश जारी रहेगी। वहीं ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 10 जून को केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के आसार हैं।

यूपी, उत्तराखंड और हिमाचल में बदलेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है। पश्चिमी यूपी में हीटवेव का असर जारी है, जबकि पूर्वी हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। 10 जून के बाद बारिश की संभावना बढ़ेगी। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 8 और 9 जून को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।

बिहार और झारखंड का मौसम

बिहार में 10 जून के बाद बारिश की संभावना जताई गई है और 11 जून को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। फिलहाल अगले दो दिन यहां गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। झारखंड में 8 जून को तेज हवाओं (40 से 60 किमी प्रति घंटे) के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे मौसम में कुछ राहत मिल सकती है।

Akriti Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Akriti Pandey

Akriti Pandey is a journalist with more than three years of experience in the media industry. She holds a degree in Mass Communication and Journalism and specializes in writing on education, lifestyle, health, and astrology-related topics. Known for her reader-focused approach and engaging storytelling, Akriti is passionate about creating informative and accessible content. In her free time, she enjoys writing, sports, and traveling.

Next Story