×

MP Election 2023: एग्जिट पोल के नतीजों से कमलनाथ और दिग्विजय सहमत नहीं, शिवराज ने दिया महिलाओं को धन्यवाद

MP Election 2023: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा की इस मजबूती के पीछे महिलाओं के समर्थन को बड़ा कारण बताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने एग्जिट पोल के नतीजे को खारिज कर दिया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 1 Dec 2023 7:05 AM GMT
MP Election 2023
X

MP Election 2023  (photo: social media )

MP Election 2023: तेलंगाना में मतदान समाप्त होने के बाद गुरुवार की शाम आए अधिकांश एग्जिट पोल में भाजपा के भारी बढ़त के साथ मध्य प्रदेश की सत्ता में लौटने का संकेत दिया गया है। मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है मगर अधिकांश एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। हालांकि कुछ एग्जिट पोल में दोनों दलों के बीच बराबर की टक्कर मानी गई है तो कुछ एग्जिट पोल में कांग्रेस को भी बढ़त लेते हुए दिखाया गया है।

वैसे अधिकांश एग्जिट पोल में भाजपा को मजबूत दिखाए जाने के बाद भाजपा में खुशी की लहर दिख रही है। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा की इस मजबूती के पीछे महिलाओं के समर्थन को बड़ा कारण बताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने एग्जिट पोल के नतीजे को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित नहीं होना चाहिए क्योंकि कांग्रेस सत्ता हासिल करने में कामयाब होगी।

शिवराज बोले: बहनों ने निकाल दिए सारे कांटे

एग्जिट पोल के नतीजों पर प्रतिक्रिया जताते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहनों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के समर्थन के कारण मध्य प्रदेश में भाजपा को काफी मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि वे कह रहे थे कि 'कांटे की टक्कर, कांटे की टक्कर'...। लाडली बहनों ने सारे कांटे निकाल दिए। हम जहां भी गए, महिलाएं स्वागत करने और अपना समर्थन दिखाने के लिए बड़ी संख्या में सामने आईं। वैसे शिवराज के इस बयान में दम माना जा रहा है क्योंकि भाजपा की मजबूती में महिलाओं के समर्थन को बड़ा कारण बताया जा रहा है।


मध्य प्रदेश के गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने भी मध्य प्रदेश में भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे से साफ है कि बीजेपी मध्य प्रदेश में बंपर जीत हासिल करने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह काम के कारण लोगों ने भाजपा को व्यापक समर्थन दिया है।

कमलनाथ ने किया कांग्रेस सरकार का दावा

दूसरी ओर मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा की जीत की भविष्यवाणी करने वाले अधिकांश एग्जिट पोल से प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और जनता ने इस पर मुहर लगा दी है। कमलनाथ ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी ताकत याद दिलाना चाहता हूं। आप लोग कांग्रेस की ताकत हैं और यह आपकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है कि जनता ने आपके समर्थन में भारी मतदान किया है।


उन्होंने कहा कि 3 दिसंबर को जब वोटों की गिनती शुरू होगी तो कांग्रेस सरकार पर मुहर लग जाएगी।

उन्होंने कहा कि सबको इस सच्चाई का पता होना चाहिए कि देश टेलीविजन नहीं बल्कि विजन से चलता है। उन्होंने कहा कि कई एग्जिट पोल में कांग्रेस को सरकार बनाते हुए दिखाया गया है जबकि कुछ एग्जिट पोल दूसरी बात कह रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को अपना ध्यान नहीं भटकने देना चाहिए।

कांग्रेस को 130 से अधिक सीटें मिलने का दावा

कांग्रेस के एक और वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस 130 से अधिक सीटें हासिल करने में कामयाब होगी। उन्होंने कहा कि हम एग्जिट पोल के बारे में कुछ नहीं कर सकते क्योंकि इसके नतीजे बिल्कुल अलग हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के लोग शिवराज सिंह चौहान से तंग आ चुके हैं और राज्य में परिवर्तन चाहते हैं। ऐसी स्थिति में मैं आश्वस्त कर सकता हूं कि कांग्रेस राज्य में 130 से अधिक सीटें हासिल करने में कामयाब होगी।


भाजपा और कांग्रेस नेताओं के अलग-अलग दावों के बाद अब मध्य प्रदेश के लोगों को 3 दिसंबर का इंतजार है जिस दिन राज्य के फाइनल नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story