TRENDING TAGS :
MP में जहरीली शराब से हाहाकार! 10 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा भर्ती...देखते ही देखते नीले पड़ गए शरीर
MP Sagar Poisonous liquor Tragedy: मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा लोगों के भर्ती होने से हड़कंप मच गया। शरीर नीले पड़ने और तेजी से बिगड़ी हालत ने बढ़ाई चिंता।
MP Sagar Poisonous liquor Tragedy: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां अवैध और जहरीली शराब के सेवन से 10 लोगों की असमय मौत हो गई है। रविवार तड़के जब लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में सभी को बंडा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है और मौतों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
आधे घंटे के भीतर शरीर पड़ा नीला
जानकारी के मुताबिक घूघर, नौराज, बराज और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शनिवार रात कई लोगों ने एक साथ शराब पी थी। इसके कुछ ही समय बाद पीड़ितों की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। बमुराबेड़ा गांव के एक चश्मदीद ने बताया कि उनके गांव के ही चार लोगों की जान चली गई। शराब का सेवन करने के कुछ ही मिनटों बाद पीड़ितों का शरीर पूरी तरह ठंडा और नीला पड़ने लगा था। उनके शरीर में तेज अकड़न होने लगी और देखते ही देखते महज आधे घंटे के भीतर उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचे डॉक्टरों का भी कहना है कि जहरीले तत्वों के कारण मरीजों का शरीर नीला पड़ चुका था।
अस्पताल में 30 से अधिक मरीज भर्ती
इस त्रासदी के बाद बंडा सिविल अस्पताल को पूरी तरह से अलर्ट पर रखा गया है। अब तक 30 से ज्यादा लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया जा चुका है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आम जनता से भावुक और जरूरी अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भी पिछले 24 से 48 घंटों के दौरान किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है, वे बिना समय गंवाए अपनी मेडिकल जांच कराएं। यदि किसी को उल्टी, सिरदर्द, बुखार या धुंधला दिखने जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टरों की टीम से संपर्क करें।
गांव-गांव पहुंचे आला अफसर
हादसे की खबर मिलते ही सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी खुद प्रभावित गांवों में पहुंचे। आला अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और अस्पताल में चल रहे इलाज का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि डॉक्टरों और एसडीएम की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है और शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।


