अमिताभ बच्चन के बंगले से मेयर ऑफिस तक फिर बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में दहशत से मचा हड़कंप

मुंबई में एक धमकी भरे ईमेल से हड़कंप मच गया, जिसमें कई अहम जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

Sachin Singh
Published on: 12 Nov 2026 3:43 PM IST (Updated on: 12 Nov 2026 4:12 PM IST)
अमिताभ बच्चन के बंगले से मेयर ऑफिस तक फिर बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में दहशत से मचा हड़कंप
X

Mumbai Bomb Threat: मुंबई में एक बार फिर बम की धमकी वाले ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इस बार बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का जुहू स्थित बंगला 'जलसा' भी धमकी के निशाने पर है। ईमेल में मुंबई के मेयर ऑफिस, एक बैंक, कोर्ट, महालक्ष्मी रेसकोर्स, नगर निगम और छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत कई अहम जगहों का नाम लिया गया है।

धमकी भरा संदेश सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। जिन जगहों का जिक्र ईमेल में किया गया था, वहां बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा टीमों ने पहुंचकर जांच की। राहत की बात यह रही कि तलाशी के दौरान किसी भी जगह से कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। अब पुलिस ईमेल की असलियत पता लगाने और इसे भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।

ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले समेत कई जगहों का जिक्र

रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में मुंबई की कई प्रमुख जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इनमें मेयर ऑफिस, एक बैंक, कोर्ट, अमिताभ बच्चन का बंगला जलसा, महालक्ष्मी रेसकोर्स और छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं। ईमेल में नगर निगम का भी जिक्र किया गया था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित जगहों पर सुरक्षा बढ़ाई और जांच शुरू की। बम निरोधक दस्तों ने अलग-अलग ठिकानों की तलाशी ली, लेकिन कहीं भी बम या कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ईमेल में दी गई धमकी कितनी गंभीर है और इसके पीछे किसका हाथ है।

23 अक्टूबर को भी अमिताभ बच्चन को मिली थी धमकी

अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 23 अक्टूबर को भी एक धमकी भरा ईमेल सामने आया था। उस ईमेल को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और डिप्टी मेयर संजय घाड़ी को भी भेजा गया था। संदेश में 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की चेतावनी दी गई थी। साथ ही दावा किया गया था कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित घर को निशाना बनाया जा सकता है।

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर भी किया गया था दावा

पहले मिले ईमेल में खालिस्तान का भी जिक्र किया गया था। संदेश में दावा किया गया था कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स इलाके में होने वाले सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान भी हमला हो सकता है। इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की थी और अमिताभ बच्चन के बंगले के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी। अब नए ईमेल में भी जलसा का नाम आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां दोबारा सतर्क हो गई हैं।

सुरक्षा घेरे के पीछे से फैंस से मिले थे अमिताभ बच्चन

धमकियों के बीच अमिताभ बच्चन ने अपने फैंस से मिलने की परंपरा भी जारी रखी। 1 नवंबर को रविवार के दिन वह अपने घर जलसा के बाहर जमा हुए प्रशंसकों से मिलने पहुंचे। हालांकि, इस बार उनके और फैंस के बीच एक पारदर्शी सुरक्षा घेरा लगाया गया था। अमिताभ बच्चन इसी घेरे के पीछे खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते और हाथ हिलाकर उनका स्वागत करते नजर आए।

इस दौरान उनके बेटे और अभिनेता अभिषेक बच्चन भी वहां मौजूद थे। आसपास कई सुरक्षाकर्मी तैनात थे। रविवार दर्शन की सामने आई तस्वीरों में अमिताभ बच्चन को सुरक्षा घेरे के अंदर से फैंस का अभिवादन करते देखा गया। इस व्यवस्था के जरिए अभिनेता ने अपने प्रशंसकों से मुलाकात भी की और सुरक्षा इंतजामों का भी ध्यान रखा गया।

मुंबई में लगातार मिल रही धमकियों के बीच पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं। फिलहाल जिन जगहों का नाम धमकी में लिया गया था, वहां की जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story