'कलमा पढ़ो वरना…', देश में फिर 'पहलगाम हमले' जैसी घटना, धर्म पूछकर चाक़ू से गोदा! केस में कई एंगल से जांच तेज

Mumbai Mira Road Knife Attack: घटना को लेकर कुछ बेहद चौंका देने वाले दावे भी सामने आए हैं।

Priya Singh Bisen
Published on: 28 April 2026 1:26 PM IST (Updated on: 28 April 2026 1:26 PM IST)
Mumbai Mira Road Knife Attack
X

Mumbai Mira Road Knife Attack (photo: social media)

Mumbai Mira Road Knife Attack: मुंबई से के पास स्थित मीरा रोड इलाके में सोमवार तड़के हुई चाकूबाजी की वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। एक निर्माणाधीन साइट पर तैनात दो सुरक्षा गार्ड्स पर एक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक गार्ड बुरी तरह से घायल हो गया, जबकि दूसरे को मामूली सी चोटें आई हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मात्र डेढ़ घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच तेजी से जारी है।

अचानक हुई ये घटना

यह घटना 27 अप्रैल 2026 की सुबह तड़के 4 बजे के आसपास नया नगर थाना क्षेत्र में वॉकहार्ट अस्पताल के पीछे स्थित अस्मिता ग्रैंड मेंशन साइट पर हुई। यहां राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो रमेश सेन बतौर सुरक्षा गार्ड ड्यूटी पर मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक, 31 साल के आरोपी जैब जुबैर अंसारी मौके पर पहुंचा और दोनों गार्ड्स से बातचीत करने लगा। इसी दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया।

हमले में राजकुमार मिश्रा को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सुब्रतो सेन को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

CCTV से पहचान, डेढ़ घंटे में गिरफ्तारी

इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल हरकत में आई और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान जैब जुबैर अंसारी के रूप में हुई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज डेढ़ घंटे के अंदर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश के साथ-साथ कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे की असली कारण का पता लगाया जा सके।

'धर्म पूछकर हमला' के आरोप, लेकिन पुष्टि नहीं

घटना को लेकर कुछ बेहद चौंका देने वाले दावे भी सामने आए हैं। आरोप है कि हमलावर ने पहले गार्ड्स से उनका नाम और धर्म पूछा और फिर हमला किया। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने भी दावा किया कि आरोपी ने कथित तौर पर एक गार्ड से ‘कलमा’ पढ़ने को कहा था।

हालांकि, पुलिस ने इन दावों की अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए काम किया जा रहा है और बिना ठोस सबूत के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

ATS भी जांच में शामिल

मामले की गंभीरता को देखते हुए ठाणे एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) को भी जांच में शामिल किया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस हमले के पीछे कोई बड़ी साजिश या संगठित नेटवर्क तो नहीं है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) भी जोड़ी है, जो विभिन्न समुदायों के बीच नफरत फैलाने से जुड़ी है। इसी आधार पर साम्प्रदायिक एंगल की भी जांच की जा रही है।

आरोपी की पृष्ठभूमि खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब आरोपी के बैकग्राउंड की गंभीरता से जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह बीते कुछ सालों से मीरा रोड इलाके में रह रहा था। उसकी शैक्षणिक और सामाजिक पृष्ठभूमि की भी पड़ताल की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर सबूत इकठ्ठा किये हैं और उसके मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच भी की जा रही है।

अफवाहों से बचने की अपील

इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, चाहे वह व्यक्तिगत रंजिश हो, मानसिक स्थिति का मामला हो या फिर कोई बड़ा साजिशी कनेक्शन। आगामी दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Content Writer

Next Story