TRENDING TAGS :
बिरयानी के बाद तरबूज खाने से मौत केस में बड़ा ट्विस्ट! मृतकों के शरीर में मिला ये ‘संदिग्ध पदार्थ’
Mumbai Water Melon Biryani Death Case: मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमयी मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है।
Mumbai Water Melon Biryani Death Case
Mumbai Water Melon Biryani Death Case: मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमयी मौत के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतकों के शरीर में किसी “पेनकिलर जैसे” पदार्थ के अंश पाए गए हो सकते हैं। इस घटना में माता-पिता और उनकी दो नाबालिग बेटियों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
एक साथ चार मौतों से गहराया सस्पेंस
चारों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए जे जे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। सोमवार को अस्पताल में शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया। हालांकि, अभी तक अस्पताल प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि शरीर में किसी संदिग्ध पदार्थ के अंश मिले हैं या नहीं। प्रारंभिक रिपोर्ट में फूड पॉइजनिंग की संभावना जताई गई थी, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि सामान्य भोजन में मिलावट के कारण इतनी तेजी से चार लोगों की मौत होना बेहद असामान्य है। इसी वजह से जांच एजेंसियां अब इस मामले को कई अन्य पहलुओं से भी देख रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी जहरीले पदार्थ या दवा का सेवन इस घटना की वजह हो सकता है।
एफडीए ने जांच के लिए लिये 11 नमूने
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने भी स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मृतक परिवार के घर से कुल 11 नमूने जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इन नमूनों में बिरयानी, तरबूज, पानी (फ्रिज और मिट्टी के घड़े से), कच्चा और पका हुआ चावल, चिकन, खजूर और मसाले शामिल हैं। खाद्य निरीक्षकों को पुलिस के साथ मिलकर हर पहलू की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और कॉल डिटेल्स तथा मैसेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि हुई थी या नहीं। इसके अलावा, परिवार के मुखिया अब्दुल्ला डोकाडिया के कारोबारी लेन-देन और बैंकिंग गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। मौत की असली वजह का खुलासा फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। तब तक यह मामला रहस्य बना हुआ है और हर नई जानकारी के साथ जांच का दायरा और भी बढ़ता जा रहा है।


