TRENDING TAGS :
Nalanda Murder Case: प्रेम प्रसंग विवाद में नालंदा में युवक की पीट-पीटकर हत्या
Nalanda Murder Case: बिहार के नालंदा जिले में प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के शक में एक 20 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।
Murder Case
Nalanda Murder Case: बिहार के नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र में एक युवक की लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पूरी घटना बड़ी घरयारी गांव की है।
प्रथम दृष्टया पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर मामले की छानबीन कर रही है। मृतक की पहचान पटना जिले के भदौर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी भगवान कुमार (20) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
मृतक के भाई के मुताबिक, कुछ माह पूर्व उसके ननिहाल बड़ी घरयारी गांव से दो युवतियां घर छोड़कर चली गई थीं। युवतियों के परिजन प्रेम प्रसंग में इस घटना के लिए भगवान कुमार को जिम्मेदार मानते थे, जबकि उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं था। इसी रंजिश को लेकर उसकी हत्या की गई है। दो दिन पहले अपनी चचेरी नानी के ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए भगवान दिल्ली से ननिहाल बड़ी घरयारी गांव आया था।
खेत में घात लगाकर किया हमला
सोमवार की रात गांव में भोज का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान वह अपने एक मित्र के साथ गांव से बाहर खेत की ओर गया। वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर, लोहे की रॉड तथा धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के दौरान साथ मौजूद युवक किसी तरह वहां से भाग निकला और परिजनों को घटना की सूचना दी।
अस्पताल में हुई मौत
इसके बाद परिजन घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर सरमेरा थाना पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
चार आरोपी हिरासत में
सरमेरा थाना प्रभारी साकेत कुमार बिंद ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद और पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी कोणों से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।


