TRENDING TAGS :
Nanded Road Accident: नांदेड में ट्रक और टाटा मैजिक की भीषण टक्कर, 8 की मौत; कई घायल
महाराष्ट्र के नांदेड में नांदेड-भोकर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ। ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर में 8 लोगों की मौत और 7 घायल हुए।
Nanded Road Accident: महाराष्ट्र के नांदेड जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। हादसा नांदेड-भोकर मार्ग पर वाकद गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में पिकअप में सवार कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।
मौके पर 8 लोगों की मौत
पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश वंडरवार ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। बताया गया है कि मृतकों में एक पति-पत्नी और दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसा इतना गंभीर था कि शुरुआती तौर पर मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को क्षतिग्रस्त पिकअप से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया। सात घायलों को भोकर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ट्रक चालक भी केबिन में फंसा
आमने-सामने की टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक केबिन में फंस गया था, जिसे पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे के कारण नांदेड-भोकर मार्ग पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
अशोक चव्हाण ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद देर रात सांसद अशोक चव्हाण अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। साथ ही पुलिस और चिकित्सा अधिकारियों से दुर्घटना की जानकारी ली और घायलों के इलाज एवं उनकी स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की।
तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और वाकद गांव के पास दोनों की आमने-सामने टक्कर हुई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदार अन्य कारण क्या थे।
Nanded Bhokar Road Accident: इस भीषण हादसे में आठ लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


