Navjot Singh Sidhu: गणतंत्र दिवस पर सिद्धू की रिहाई का मामला फंसा, अभी तक नहीं मिली पंजाब सरकार की मंजूरी

Navjot Singh Sidhu: पंजाब सरकार की कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस सूची को राजभवन भेजा जाना है जिसके बाद कैदियों की रिहाई का रास्ता साफ होगा मगर पंजाब कैबिनेट की बैठक अभी तक नहीं हो सकी है।

Anshuman Tiwari
Published on: 24 Jan 2023 7:57 AM IST
Navjot Singh Sidhu
X

Navjot Singh Sidhu (photo: social media )

Navjot Singh Sidhu: पंजाब प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की गणतंत्र दिवस पर रिहाई का मामला फंस गया है। पंजाब में गणतंत्र दिवस पर होने वाली कैदियों की सूची को अभी तक राज्य सरकार की मंजूरी नहीं मिली है। पंजाब सरकार की कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस सूची को राजभवन भेजा जाना है जिसके बाद कैदियों की रिहाई का रास्ता साफ होगा मगर पंजाब कैबिनेट की बैठक अभी तक नहीं हो सकी है।

पहले यह बैठक एक फरवरी को तय की गई थी मगर अब इसकी तारीख बढ़ाकर तीन फरवरी कर दी गई है। इस कारण 26 जनवरी को सिद्धू की रिहाई के मामले में बड़ा पेंच फंस गया है। कांग्रेस नेता सिद्धू को 1988 में हुए रोड रेज मामले में एक साल की सजा सुनाई गई थी। जेल सूत्रों का कहना है कि अच्छे बर्ताव और बची हुई छुट्टियों के मद्देनजर सिद्धू की रिहाई चार महीने पहले की जा सकती है।

अब मुख्यमंत्री पर टिकी है सबकी निगाहें

सिद्धू की रिहाई के संभावना के कारण उनके समर्थकों में कई दिनों से जश्न का माहौल दिख रहा है। सिद्धू के समर्थकों की ओर से उनकी रिहाई के बाद जोरदार जश्न और स्वागत की तैयारियां की गई हैं मगर अब 26 जनवरी को सिद्धू के रिहाई का मामला ही खटाई में पड़ गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर लगी हुई हैं कि पंजाब सरकार की ओर से सिद्धू की रिहाई के संबंध में फैसला कब लिया जाता है।

सरकार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पंजाब कैबिनेट की बैठक 3 फरवरी को हो सकती है। रिहा होने वाले कैदियों की सूची को कैबिनेट की मंजूरी के बाद राज्यपाल के पास भेजा जाएगा। वैसे कुछ सूत्रों का यह भी कहना है मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस संबंध में अपने स्तर पर भी फैसला ले सकते हैं। ऐसे में सबकी निगाहें मुख्यमंत्री मान के फैसले पर टिकी हुई हैं।

सिद्धू की पत्नी ने बढ़ाई सक्रियता

सिद्धू की रिहाई से पहले ही उनकी पत्नी और कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सिद्धू के सियासी भविष्य को लेकर उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक नवजोत कौर ने इस बाबत कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व केसी वेणुगोपाल से बातचीत की है। सिद्धू के प्रति पार्टी नेतृत्व का रुख सकारात्मक दिख रहा है।

सिद्धू को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि प्रियंका गांधी सिद्धू को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सफाई जाने के पक्ष में हैं। सिद्धू के राजनीतिक भविष्य को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पिछले दिनों महत्वपूर्ण टिप्पणी की थी। पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल ने सिद्धू को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने का संकेत किया था। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व सिद्धू की रिहाई के बाद इस दिशा में कदम उठा सकता है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सिद्धू को कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेने का न्योता भी भेजा था मगर रिहाई का मामला फंसने के बाद सिद्धू इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। वैसे सिद्धू की रिहाई के बाद प्रदेश कांग्रेस में खींचतान फिर तेज होने की आशंका भी जताई जा रही है।

Anshuman Tiwari
ABOUT THE AUTHOR

Anshuman Tiwari

न्यूजट्रैक ग्रुप की कोर टीम के सदस्य हूँ। मीडिया में 35 वर्षों से अधिक का करियर है। प्रमुख हिंदी अखबारों में वरिष्ठ पदों पर काम किया है। देश के प्रतिष्ठित संस्थान Indian Institute of Mass Communication से शिक्षा लेने के बाद दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी में हिंदुस्तान, अमर उजाला, राष्ट्रीय सहारा और दैनिक जागरण जैसे विभिन्न प्रमुख समाचार पत्रों में काम किया।

Next Story