बिहार MLC चुनाव से पहले JDU प्रत्यासी की बिगड़ी तबीयत, ICU में भर्ती; अनंत सिंह से जुबानी जंग

Neeraj Kumar Health Update: बिहार एमएलसी चुनाव से पहले जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तकलीफ के बाद उन्हें मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच चुनाव को लेकर जुबानी जंग भी चर्चा में रही है।

Aditya Kumar Verma
Published on: 20 Oct 2026 10:43 AM IST
Neeraj Kumar Health Update
X

Image Source- Social Media

Neeraj Kumar Health Update: बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले मतदान से पहले जनता दल यूनाइटेड यानी जदयू (JDU) के उम्मीदवार नीरज कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नीरज कुमार चर्चित पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार हैं।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि नीरज कुमार को हृदय संबंधी परेशानी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, उन्हें अस्पताल के आईसीयू (ICU) में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।

सोमवार देर शाम बिगड़ी तबीयत

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार की देर शाम नीरज कुमार की तबीयत अचानक खराब हुई थी। उन्हें सीने में तकलीफ महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति पर निगरानी शुरू कर दी।

नीरज कुमार का स्वास्थ्य पहले भी बिगड़ चुका है। कुछ साल पहले भी उनकी तबीयत काफी खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली जाना पड़ा था।

अनंत सिंह से चल रही है जुबानी जंग

नीरज कुमार की तबीयत ऐसे समय बिगड़ी है, जब बिहार एमएलसी चुनाव (Bihar MLC Election) में उनके और मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह के बीच चल रही जुबानी जंग लगातार चर्चा में है।

अनंत सिंह इस चुनाव में नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मैदान में नजर आ रहे हैं। वह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। अनंत सिंह का कहना है कि नीरज कुमार ने कई मौकों पर उनका विरोध किया है, इसलिए उन्हें भी उसी अंदाज में जवाब देना चाहिए।

दूसरी तरफ नीरज कुमार भी अनंत सिंह को लगातार निशाने पर लेते रहे हैं। वह एमएलसी चुनाव में अपनी जीत का दावा करते हुए कहते रहे हैं कि उनकी जीत पक्की है।

‘पुदीना सिंह’ वाले बयान से बढ़ा विवाद

कुछ दिनों पहले अनंत सिंह ने नीरज कुमार को लेकर एक बयान दिया था, जिसकी काफी चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा था, “हम तो पुदीना सिंह हैं ना, तो इस चुनाव में पुदीना से उनका सारा गैस निकाल देंगे।”

अनंत सिंह ने हाल ही में यह दावा भी किया था कि एमएलसी चुनाव में अनुज सिंह की जीत होगी और वह दूसरे प्रत्याशियों की जमानत जब्त करा देंगे। उनके इन बयानों को जदयू के खिलाफ खुले तौर पर बगावत के तौर पर देखा जा रहा था। इसी को लेकर नीरज कुमार ने भी अनंत सिंह पर पलटवार किया था।

नीरज कुमार ने भी किया था पलटवार

अनंत सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने कहा था कि कुछ लोग ज्यादा बोल रहे हैं, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि जदयू में रहते हुए भी उन्हें बेऊर जेल जाना पड़ा था। नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा था, “जब तक बेऊर जेल में चना रहेगा, आना-जाना लगा रहेगा।”

बिहार एमएलसी चुनाव (Bihar Legislative Council Election) को लेकर दोनों नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी के बीच अब नीरज कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई है।

फिलहाल नीरज कुमार मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं और डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है। उनके स्वास्थ्य को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story