TRENDING TAGS :
NEET Paper Leak के खिलाफ Cockroach Janata Party ने उतारे 3 नए चेहरे, जानें कौन हैं ये लोग?
Abhijeet Dipke's Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को अमेरिका से दिल्ली आ रहे हैं।
Abhijeet Dipke's CJP
Abhijeet Dipke's CJP: सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक और डिजिटल अभियान के रूप में शुरू हुई ‘Cockroach Janata Party’ (CJP) अब जमीनी राजनीति और जन आंदोलनों की अराफ़ तेजी से कदम बढ़ा रही है। NEET-UG, CBSE सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में लगातार बढ़ती जा रही अनियमितताओं के विरोध में पार्टी ने बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में पार्टी ने 3 नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है, जो मीडिया और जनता के सामने पार्टी का पक्ष रखेंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को अमेरिका से दिल्ली आ रहे हैं। पार्टी की तरफ से बताया गया है कि उनके आने के बाद जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी जाएगी। इससे पहले बुधवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के नए प्रवक्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई और शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की ज़रूरत पर जोर दिया।
कौन हैं सौरभ दास?
कॉकरोच जनता पार्टी ने सौरभ दास को अपना मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। पेशे से पत्रकार सौरभ दास लंबे स्वक़्त से कानूनी, न्यायिक और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग और लेखन करते रहे हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पार्टी से जुड़ने की जानकारी शेयर करते हुए इसे एक बड़ी जिम्मेदारी बताया।
सौरभ दास सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी जाने जाते हैं। नवंबर 2025 में इंडिया गेट पर हुए प्रदूषण विरोधी प्रदर्शनों में उनकी हिस्सेदारी चर्चा में रही थी। इसके अलावा सूचना के अधिकार (RTI) के जरिये से कई महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक करने के कारण भी वे सुर्खियों में रहे। कोरोना महामारी के दौरान आरोग्य सेतु ऐप के विकास और संचालन से संबंधित जानकारियां सामने लाने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।
विजेता दहिया की क्या है पहचान?
पार्टी ने विजेता दहिया को भी प्रवक्ता बनाया है। हरियाणा के रहने वाले विजेता फिलहाल मुंबई में रहते हैं और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं। वे एक राजनीतिक शोधकर्ता, लेखक और फिल्म निर्माता के तौर पर पहचाने जाते हैं।
विजेता दहिया जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी के लिए शोधकर्ता और स्क्रिप्ट राइटर के रूप में भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने राजनीति, इतिहास और सिनेमा जैसे विषयों पर गहन शोध आधारित लेखन किया है। Quora हिंदी मंच पर उन्हें उत्कृष्ट लेखक के रूप में भी सराहा गया है। उन्होंने ‘पावर ऑफ यूनिवर्स’ और ‘टू हेल विद दैट जॉब’ जैसी चर्चित किताबें भी लिखी हैं। साथ ही हरियाणवी फिल्मों ‘दरारें’ और ‘ओपरी पराई’ का लेखन और निर्देशन भी किया है। पार्टी का मानना है कि उनकी शोध क्षमता और जनसंचार कौशल आंदोलन को मजबूत बनाने में सहायता करेंगे।
आशुतोष रांका क्यों हैं चर्चा में?
Cockroach Janata Party के तीसरे प्रवक्ता आशुतोष रांका हैं। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर से बीटेक की पढ़ाई की है और इसके बाद लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स किया। वे वैश्विक परामर्श कंपनी मैकिंसे के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, आशुतोष रांका को पब्लिक पॉलिसी विशेषज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता और सलाहकार तौर पर जाना जाता है। बीते साल लंदन से भारत लौटने के बाद उन्होंने जयपुर और अन्य क्षेत्रों में पर्यावरण, शिक्षा और युवाओं से जुड़े कई अभियानों का नेतृत्व किया। NEET paper leak, डोल का बाढ़ और आमायरा आत्महत्या जैसे मुद्दों पर उनकी सक्रियता देखी गई है।
पार्टी के मुताबिक, आशुतोष रांका शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम करेंगे।
आंदोलन की तैयारी तेज
Cockroach Janata Party का कहना है कि वह शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग को लेकर देशभर के छात्रों और अभिभावकों को जोड़ने की पूरी कोशिश करेगी। 6 जून को अभिजीत दिपके के दिल्ली पहुंचने के बाद आंदोलन की अगली रणनीति का ऐलान किया जाएगा। पार्टी का दावा है कि यह अभियान सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़ा जन आंदोलन है।


