TRENDING TAGS :
'मां, चिंता मत करना, अगले जनम मैं तेरा ही...' NEET Re-Exam के बाद छात्र का VIDEO आया सामने, उठाया खौफनाक कदम
NEET Re-Exam Candidate Dies: जानकारी के मुताबिक, हिंगोली शहर के अष्टविनायक नगर निवासी सुशील धागे ने बुधवार को एक भावुक वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया था।
NEET Re-Exam Candidate Dies
NEET Re-Exam Candidate Dies: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से एक बहुत ही दर्दभरी घटना सामने आई है। NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल हुए 18 साल के छात्र सुशील धागे की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे कौन-कौन से कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ Video
जानकारी के मुताबिक, हिंगोली शहर के अष्टविनायक नगर निवासी सुशील धागे ने बुधवार को एक भावुक वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने अपनी मां से माफी मांगते हुए भावनात्मक बातें कही थीं। घटना के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
परिवार वालों का कहना है कि सुशील हाल ही में आयोजित NEET-UG पुनर्परीक्षा को लेकर तनाव में था। परिवार के मुताबिक, उसे परीक्षा का प्रश्नपत्र अपेक्षा से ज्यादा कठिन लगा था और वह परिणाम को लेकर चिंतित दिखाई दे रहा था। हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह से साफ़ नहीं हो पाया है कि परीक्षा संबंधी तनाव और उसकी मौत के बीच कोई प्रत्यक्ष संबंध था या नहीं।
आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच के दौरान छात्र के परिवार, मित्रों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो और अन्य उपलब्ध तथ्यों का भी अध्ययन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर इस साल पूरे देश बहुत ज्यादा चर्चा रही। पेपर लीक होने के आरोपों के बाद मई महीने में आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इसके बाद 21 जून को फिर से परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें पूरे देश भर के लाखों अभ्यर्थियों ने भाग लिया। सुशील भी उन्हीं छात्रों में शामिल था।
गौर किया जाए तो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर अक्सर मानसिक और भावनात्मक दबाव बढ़ जाता है। ऐसे वक़्त में परिवार, शिक्षकों और मित्रों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण होता है। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार इस बात पर जोर देते रहे हैं कि परीक्षा के नतीजे को जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं मानना चाहिए और तनाव महसूस होने पर खुलकर बातचीत करनी चाहिए।
मामले में जांच जारी
फिलहाल हिंगोली पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के बारे में साफ़ तौर से जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, परीक्षा के दबाव और भावनात्मक सहयोग की आवश्यकता को लेकर गंभीर चर्चा छेड़ दी है।


