NEET-UG Exams की नई तारीख का ऐलान, जानें दोबारा कब होगी परीक्षा

NEET-UG Re Exam Date: NEET-UG 2026 परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी गई है। अब मेडिकल प्रवेश परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होगी। पेपर लीक के आरोपों के बाद 3 मई की परीक्षा रद्द कर दी गई थी।

Aditya Kumar Verma
Published on: 15 May 2026 10:10 AM IST
NEET UG 2026 Re-Exam Date
X

Image Source- Social Media

NEET-UG Re Exam Date: मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम NEET-UG को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। अब NEET-UG 2026 की परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित कराई जाएगी। इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था।

पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है। परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन अब नई तारीख घोषित होने के बाद छात्रों को कुछ राहत मिली है।

केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद फैसला

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है। एजेंसी की ओर से बताया गया है कि NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा अब 21 जून को आयोजित की जाएगी।

एनटीए ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें। किसी भी तरह की जानकारी के लिए एजेंसी ने अपनी आधिकारिक ई-मेल आईडी neet-ug@nta.ac.in जारी की है। इसके अलावा 011-40759000 और 011-69227700 नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है।

शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई उच्च स्तरीय बैठक

नई परीक्षा तारीख घोषित होने से पहले गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में NEET-UG परीक्षा को दोबारा आयोजित कराने की तैयारियों और उससे जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक बैठक में मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा के संचालन को लेकर समीक्षा की गई और आगे की रणनीति पर भी विचार किया गया।

बैठक में मौजूद रहे कई बड़े अधिकारी

इस अहम बैठक में सचिव उच्च शिक्षा विनीत जोशी, सचिव विद्यालय शिक्षा संजय कुमार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएसई के अध्यक्ष, केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्तों समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में परीक्षा को पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से आयोजित कराने को लेकर चर्चा की गई।

पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द हुई थी परीक्षा

गौरतलब हो कि 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा को लेकर अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोप सामने आए थे। इसके बाद एनटीए ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी। अब नई तारीखों के ऐलान के साथ ही परीक्षा दोबारा कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story