TRENDING TAGS :
भारत आने को बेताब PM बालेन्द्र शाह ने तोड़ी सारी परंपराएं! दिल्ली पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत, नेपाल में मचा घमासान
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर रवाना हुए, लेकिन यात्रा से पहले उन्होंने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को इसकी जानकारी नहीं दी।
Nepal PM Balendra Shah India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे, जहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया, लेकिन इस यात्रा से पहले ही नेपाल की राजनीति में एक अलग मुद्दे पर चर्चा शुरू हो गई है। वजह है बालेन्द्र शाह का भारत आने से पहले पुरानी कूटनीतिक परंपराओं का पालन नहीं करना। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी विदेश यात्रा की जानकारी राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को नहीं दी। इतना ही नहीं, भारत जैसे अहम पड़ोसी देश के दौरे से पहले उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्रियों, पूर्व विदेश मंत्रियों और संसद में प्रतिनिधित्व करने वाले राजनीतिक दलों से भी सलाह-मशविरा नहीं किया। नेपाल में पहले प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर जाने से पहले राष्ट्रपति और दूसरे वरिष्ठ नेताओं को यात्रा के एजेंडे और राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों की जानकारी देते रहे हैं।
राष्ट्रपति कार्यालय के प्रेस सलाहकार किरण पोखरेल के मुताबिक, राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के बारे में किसी तरह की जानकारी नहीं दी गई। न तो औपचारिक रूप से और न ही अनौपचारिक तरीके से उन्हें इस दौरे के बारे में बताया गया। यही नहीं, जब बालेन्द्र शाह संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क गए थे, तब भी उन्होंने राष्ट्रपति को अपनी यात्रा की जानकारी नहीं दी थी। ऐसे में लगातार दूसरी विदेश यात्रा से पहले राष्ट्रपति को जानकारी नहीं देने का मामला चर्चा में है।
भारत जैसे अहम पड़ोसी देश के दौरे से पहले नहीं हुई राजनीतिक बातचीत
नेपाल में पहले प्रधानमंत्री किसी महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर जाने से पहले पूर्व प्रधानमंत्रियों और राजनीतिक दलों के नेताओं से बातचीत करते थे। इसका मकसद विदेश दौरे के एजेंडे पर साझा राय बनाना और देश के हितों से जुड़े मुद्दों पर सभी पक्षों के सुझाव लेना होता था। भारत के साथ नेपाल के रिश्तों में व्यापार, सीमा, ट्रांजिट, निवेश और ऊर्जा जैसे कई अहम मुद्दे शामिल हैं। ऐसे में पुराने समझौतों और दोनों देशों की प्रतिबद्धताओं को समझने के लिए इस तरह की बातचीत को महत्वपूर्ण माना जाता रहा है।
बालेन्द्र शाह के इस फैसले पर नेपाल के मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने भी असंतोष जताया है। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वप्रकाश शर्मा का कहना है कि मित्र देशों की महत्वपूर्ण यात्राओं से पहले राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर विपक्ष और दूसरे राजनीतिक दलों से सलाह लेना लोकतांत्रिक परंपरा है। हालांकि, प्रधानमंत्री की पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की ओर से यह तर्क दिया गया है कि विदेश मंत्रालय और सरकार की दूसरी संस्थाएं यात्रा के एजेंडे को तय करने में सक्षम हैं और हर बार पुरानी परंपराओं को दोहराना जरूरी नहीं है।
मोदी से मुलाकात में इन मुद्दों पर होगी चर्चा
बालेन्द्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर हैं। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहे इस दौरे में 23 नवंबर को दोनों नेताओं के बीच बातचीत होगी। इसमें व्यापार, ट्रांजिट, निवेश, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
नेपाल की ओर से भारत से आर्थिक मदद और अनुदान के साथ-साथ हवाई कनेक्टिविटी बेहतर करने का मुद्दा भी उठाया जा सकता है। नेपाल करीब 2 अरब डॉलर के अनुदान और क्रेडिट सुविधा से जुड़े प्रस्ताव पर भारत के साथ बातचीत कर रहा है। इसके अलावा भारत के रास्ते नेपाल के पश्चिमी हिस्से के लिए अतिरिक्त हवाई प्रवेश मार्ग की मांग भी इस यात्रा के अहम मुद्दों में शामिल है।


