नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आग से हड़कंप, टिकट काउंटर के पास उठीं लपटें; मची अफरा-तफरी!

New Delhi Railway Station Fire: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास लगी आग से यात्रियों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर टिकट काउंटर को भी बंद कर दिया गया।

Sawan Gupta
Published on: 23 Nov 2026 5:36 PM IST
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

New Delhi Railway Station Fire: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पहाड़गंज की तरफ टिकट काउंटर के पास बने एटीएम बूथ में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वहां मौजूद दो एटीएम मशीनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों और दमकल विभाग की टीम ने मोर्चा संभाला। एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली कराया गया और टिकट काउंटर को भी बंद कर दिया गया।

दोपहर 3:50 बजे लगी आग, चपेट में आए दो ATM

जानकारी के मुताबिक, आग लगने की घटना सोमवार दोपहर करीब 3:50 बजे हुई। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पहाड़गंज साइड में स्थित एटीएम बूथ में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते वहां लगे दो एटीएम इसकी चपेट में आ गए। स्टेशन पर मौजूद लोगों के बीच आग की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया।

दमकल की तीन गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू

घटना की सूचना दोपहर करीब 3:54 बजे दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। शाम 4:40 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई थी।

RPF ने खाली कराया इलाका, टिकट काउंटर भी बंद

आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने तत्काल आसपास का क्षेत्र खाली कराया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित टिकट काउंटर को भी बंद कर दिया गया। इससे स्टेशन के इस हिस्से में कुछ समय के लिए हलचल बढ़ गई। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी संबंधित बैंक को भी दे दी गई है। बैंक की ओर से जांच किए जाने के बाद ही एटीएम और अन्य संपत्ति को हुए नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।

हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं

इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते दमकल विभाग और RPF की टीमों ने कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। हालांकि, रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर आग लगने की इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story