‘मैंने जो किया, उसे बदल...', पन्नू से माफी मांगते हुए भावुक हुए निखिल गुप्ता, 19 साल 7 माह की सजा

Nikhil Gupta Sentenced: अमेरिका की अदालत ने खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। कोर्ट में निखिल ने पन्नू और सिख समुदाय से माफी भी मांगी। जानिए पूरे मामले की कहानी।

Aditya Kumar Verma
Published on: 21 Nov 2026 11:29 AM IST
Nikhil Gupta Sentenced
X

Image Source- Social Media

Nikhil Gupta Sentenced: खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannun) की हत्या की साजिश के मामले में अमेरिका की एक अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। 55 साल के निखिल ने इस साल की शुरुआत में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) के आरोप कबूल कर लिए थे।

शुक्रवार को सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल गुप्ता ने कोर्ट में पन्नू से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किए का अफसोस है और वह अब इसे बदल नहीं सकते। न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। इस दौरान पन्नू भी अदालत में मौजूद था और उसने भी अपनी बात रखी।

कोर्ट में भावुक हुए निखिल गुप्ता

सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल गुप्ता ने अदालत में करीब छह मिनट तक अंग्रेजी में अपनी बात रखी। उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का जिक्र करते हुए कहा कि वह इन नेताओं के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे।

इसके बाद निखिल ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की तरफ देखकर कहा, "मैंने जो किया, उसे बदल नहीं सकता। मैं पन्नू, सिख समुदाय और इससे जुड़े लोगों से माफी मांगता हूं। मुझे अफसोस है।"

अपनी बात रखते हुए निखिल भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि इस मामले की वजह से उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि उन्होंने कुछ नहीं किया है। निखिल ने अपने परिवार पर पड़ रहे असर का भी जिक्र किया।

‘1200 दिनों से सामान्य तरीके से वकालत नहीं कर पाया’

सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी अदालत में अपनी बात रखी। उसने कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1200 दिनों से ज्यादा समय तक सामान्य तरीके से वकालत का काम नहीं कर पाया है।

पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी। इस दौरान जज विक्टर मारेरो ने उसे अपनी बात संक्षेप में रखने को कहा, ताकि सुनवाई को आगे बढ़ाया जा सके।

सुनवाई से पहले पन्नू के कई समर्थक न्यूयॉर्क की अदालत के बाहर जमा हुए थे। उनके पास निखिल गुप्ता और इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों के पुतले थे। सुनवाई के दौरान पन्नू खुद भी अदालत में मौजूद था। उसके साथ सिख समुदाय के कई लोग भी पहुंचे थे।

सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से निकाले जाएंगे निखिल

अदालत ने निखिल गुप्ता को जेल की सजा के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया। जज ने कहा कि सजा पूरी होने के बाद उनके खिलाफ अमेरिका से बाहर निकालने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

वहीं, निखिल गुप्ता के वकीलों ने अदालत के फैसले पर निराशा जताई है। उनका कहना था कि उन्हें उम्मीद थी कि अदालत निखिल को इससे कम सजा सुनाएगी।

ऐसे रची गई थी पन्नू की हत्या की साजिश

अमेरिकी अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और दूसरे देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में विकास यादव (Vikas Yadav) भी शामिल था।

आरोप है कि विकास यादव के कहने पर निखिल गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी जांच एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था।

अमेरिकी दस्तावेजों के अनुसार, निखिल ने उस व्यक्ति से न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि विकास यादव ने निखिल गुप्ता के जरिए उस व्यक्ति को हत्या के लिए एक लाख डॉलर देने की बात कही थी।

इसके बाद 9 जून 2023 के आसपास निखिल गुप्ता और विकास यादव ने अपने एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भी भिजवाए थे।

विकास अब भी एजेंसियों की पकड़ से बाहर

इस मामले में अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव को आरोपी बनाया था। एफबीआई (FBI) ने उसका वांटेड पोस्टर भी जारी किया था। माना जा रहा है कि वह भारत में ही है।

दिसंबर 2023 में दिल्ली पुलिस ने विकास यादव को अपहरण (Kidnapping) और जबरन वसूली (Extortion) के एक दूसरे मामले में गिरफ्तार किया था। हालांकि, अप्रैल 2024 में जमानत मिलने के बाद से वह जेल से बाहर है। भारत सरकार साफ कर चुकी है कि विकास यादव अब सरकारी नौकरी में नहीं है।

निखिल गुप्ता को सजा सुनाए जाने से ठीक पहले अमेरिकी वकीलों ने अदालत में एक और दावा किया। उनके मुताबिक, मई 2023 में विकास यादव और निखिल गुप्ता नेपाल या पाकिस्तान में एक दूसरे व्यक्ति की हत्या की योजना बना रहे थे।

भारत सरकार और अधिकारियों के खिलाफ भी मुकदमा

इस मामले से अलग गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में मुकदमा दायर किया है। पन्नू का आरोप है कि उसकी हत्या की साजिश में ये लोग शामिल थे।

13 नवंबर को न्यूयॉर्क की दक्षिणी जिला अदालत ने इस मुकदमे से जुड़े समन और दूसरे दस्तावेज भारत की अदालतों के जरिए संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया था। अजीत डोभाल के लिए पटियाला हाउस अदालत और सामंत गोयल के लिए द्वारका तथा तीस हजारी अदालतों से मदद मांगी गई है।

हालांकि, निखिल गुप्ता की वकील किर्शनर ने कहा है कि पन्नू का यह मुकदमा निखिल के आपराधिक मामले से अलग है। इसका निखिल की सजा पर होने वाली सुनवाई से कोई लेना-देना नहीं है।

हत्या की साजिश के आरोपों को किया खारिज

भारत सरकार ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने से इनकार किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को खारिज करता है।

उन्होंने पन्नू की ओर से दायर मुकदमे को भी बेबुनियाद बताया था। ऐसे में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की सजा सुनाए जाने के बाद भी इस मामले से जुड़े अलग-अलग कानूनी पहलुओं पर कार्रवाई जारी है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story