TRENDING TAGS :
राहुल गांधी की PM को चुनौती पर निर्मला सीतारमण का पलटवार, बोलीं-संसद में आने से डर क्यों?
Nirmala Sitharaman News : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें उन्होंने PM मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी। निर्मला सीतारमण ने कहा कि राहुल गांधी बहस की बात करते हैं लेकिन सदन में बहस से भाग जाते हैं।
Image Source - Social Media
Nirmala Sitharaman on Rahul Gandhi : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी। इस पर अब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी को अगर बहस करने का इतना ही शौक है तो फिर वह संसद में क्यों नहीं आते? वित्त मंत्री ने आरोप लगाया कि कई मौकों पर विपक्षी सांसद सरकार का जवाब सुने बगैर ही संसद से बाहर चले गए।
निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी पर सदन में मुद्दे न उठाकर सोशल मीडिया पर मुद्दा उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संसद चर्चा का सबसे उपयुक्त मंच है और विपक्ष को पहले वहां जवाब सुनने की परंपरा निभानी चाहिए।
राहुल गांधी ने PM मोदी को दी थी खुली बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर PM मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी। उन्होंने भारत के युवाओं से पूछा था कि क्या आप राहुल गांधी और PM मोदी के बीच खुली बहस देखना चाहते हैं? उन्होंने कहा “आप कहते हैं कि विपक्ष एंटी नेशनल है। आप कोई भी स्टेज और स्थान तय कर लीजिए और मुझसे बहस कीजिए।“ राहुल गांधी ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी टैग किया था और कहा था कि वे PM को इस बहस के लिए राजी करें।
इसके अलावा राहुल गांधी ने यहा भी कहा था कि BJP अक्सर विपक्ष पर देशद्रोही होने का आरोप लगाती है, ऐसे में सार्वजनिक मंच पर यह स्पष्ट होना चाहिए कि आखिर देशद्रोही कौन है और किसका संबंध विदेशी ताकतों से है। राहुल गांधी ने कहा कि यदि BJP चाहे तो RSS के सरसंघचालक मोहन भागवत को इस बहस के लिए निर्णायक बना सकती है।
निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी के बयान पर किया पलटवार
अब राहुल गांधी के इस बयान पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने अपने अधिकारिक एक्स हैंडल पर राहुल गांधी के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा “राहुल जी, आपने प्राइम मिनिस्टर से डिबेट के लिए स्थान पूछा था। इसके लिए पहले से ही एक जगह है और वह संसद है। जहां आप विपक्ष के नेता हैं। कल ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने SIR और EVM के मुद्दे पर चर्चा के लिए स्पेशल सेशन का ऑफर दिया था। आप क्यों नहीं थोड़ा उत्साह दिखाकर संसद में चर्चा के लिए आते हैं?”
केंद्रीय वित्त मंत्री ने आरोप लगाया कि कई मौकों पर कांग्रेस और विपक्षी दल सरकार का जवाब सुने बगैर ही सदन से बाहर चले गए। उन्होंने कहा “जवाब मांगने के साथ-साथ जवाब सुनने की भी जिम्मेदारी विपक्ष की होती है। विपक्ष सदन से वॉकआउट करके संसद की कार्यवाही को बाधित करता है। जिससे पूरा का पूरा सत्र प्रभावित होता है। यदि राहुल गांधी वास्तव में बहस करना चाहते हैं तो फिर वो ससंद का सत्र सुचारू रूप से चलने क्यों नहीं देते हैं?
निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस के ‘मॉक संसद’ पर भी साधा निशाना
निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस के ‘मॉक संसद’ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह मॉक संसद से ज्यादा ‘संसद का उपहास’ था। निर्मला सीतारमण के मुताबिक अगर आप मॉक संसद का आयोजन कर रहे हैं तो फिर वास्तविक संसद को भी उतना ही मान-सम्मान दीजिए। केवल आरोप लगा देने से कुछ भी साबित नहीं हो जाता है, उसके लिए साक्ष्य देना पड़ता है। नेता प्रतिपक्ष से अधिक जिम्मेदारी और गंभीरता की उम्मीद की जाती है।
पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर कसा तंज
इससे पहले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी राहुल गांधी के बयान पर तंज कसा था। उन्होंने कहा “'राहुल गांधी 2014 से खुद से ही बहस कर रहे हैं! आप तो बिल्कुल अलग ही लीग में हैं।“


