'अपने नाना नेहरू का इतिहास पढ़ो...' राहुल पर भड़के BJP सांसद, 1962 के कश्मीर का खोला पुराना अध्याय!

Nishikant Dubey: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी को उनके नाना जवाहरलाल नेहरू का 1962 का लोकसभा भाषण पढ़ने की नसीहत दी है। उन्होंने भारत-चीन युद्ध के बाद कश्मीर को लेकर ब्रिटेन और अमेरिका की भूमिका पर भी कई दावे किए हैं।

Shalni Kumari
Published on: 29 Nov 2026 10:34 AM IST
अपने नाना नेहरू का इतिहास पढ़ो... राहुल पर भड़के BJP सांसद, 1962 के कश्मीर का खोला पुराना अध्याय!
X

Nishikant Dubey: कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव के बीच अब 1962 के भारत-चीन युद्ध और जम्मू-कश्मीर के इतिहास को लेकर नई बहस छिड़ गई है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें अपने नाना और देश के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का एक पुराना संसदीय बयान पढ़ने की नसीहत दी है। दुबे ने सोशल मीडिया पर 'कांग्रेस का काला अध्याय' शीर्षक से पोस्ट साझा कर नेहरू सरकार के दौर की एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद जम्मू-कश्मीर को दो हिस्सों में बांटने को लेकर पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति अयूब खान के साथ बातचीत और समझौते की कोशिश हुई थी।

राहुल गांधी को नेहरू का बयान पढ़ने की दी नसीहत

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने रविवार (29 नवंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने राहुल गांधी को टैग करते हुए कहा कि उन्हें अपने नाना जवाहरलाल नेहरू का 30 नवंबर 1962 को लोकसभा में दिया गया बयान ध्यान से पढ़ना चाहिए।

दुबे ने अपनी पोस्ट को 'कांग्रेस का काला अध्याय' नाम दिया और कांग्रेस के पुराने राजनीतिक इतिहास पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 29 नवंबर 1962 को तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू ने जम्मू-कश्मीर के बंटवारे को लेकर पाकिस्तान के राष्ट्रपति जनरल अयूब खान के साथ संयुक्त बैठक के बाद बयान जारी किया था।

भारत-चीन युद्ध के बाद कश्मीर को लेकर क्या हुआ था?

निशिकांत दुबे ने अपने पोस्ट में 1962 के भारत-चीन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय चीन के साथ युद्ध में भारत को नुकसान उठाना पड़ा था और भारतीय क्षेत्र के एक हिस्से पर चीन का कब्जा हो गया था। उन्होंने दावा किया कि इस युद्ध के दौरान भारत को अमेरिका से आर्थिक मदद और ब्रिटेन से सैन्य सहयोग मिला था।

बीजेपी सांसद के मुताबिक, युद्ध के बाद 27 नवंबर 1962 को ब्रिटिश कैबिनेट मंत्री डंकन सैंडी और अमेरिका के विदेश राज्य मंत्री एविरल हैरीमेन दिल्ली पहुंचे थे। यहां उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मुलाकात की। इसके अगले दिन यानी 28 नवंबर को दोनों मंत्री जम्मू-कश्मीर के बंटवारे से जुड़े प्रस्ताव के साथ पाकिस्तान गए और वहां राष्ट्रपति अयूब खान से बातचीत की।

नेहरू के बयान और अमेरिकी-ब्रिटिश मंत्रियों की मुलाकात का किया जिक्र

दुबे ने अपनी पोस्ट में आगे दावा किया कि 29 नवंबर 1962 को ब्रिटिश और अमेरिकी मंत्रियों ने पत्रकारों को जम्मू-कश्मीर के बंटवारे से जुड़े समझौते की जानकारी दी थी। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद देश में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया और संसद से लेकर सड़क तक विरोध हुआ।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में इस मुद्दे पर हुई चर्चा के दौरान नेहरू ने कहा था कि वह अखबार नहीं पढ़ते और न ही समाचार सुनते हैं। बीजेपी सांसद ने इन दावों के समर्थन में अपनी एक्स पोस्ट के साथ एक पुस्तक के कुछ पन्नों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं।

गांधी-नेहरू परिवार पर भी साधा निशाना

निशिकांत दुबे ने अपने पोस्ट के आखिर में गांधी-नेहरू परिवार की विचारधारा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अमेरिका और ब्रिटेन के साथ संबंधों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन देशों की 'दलाली' गांधी-नेहरू परिवार की विचारधारा का हिस्सा रही है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story