TRENDING TAGS :
अब सिर्फ बोलिए, AI कर देगा UPI पेमेंट! NPCI ला रहा है डिजिटल भुगतान का नया दौर
NPCI AI UPI Payments 2026: UPI पेमेंट का तरीका बदल देगा NPCI का नया AI सिस्टम
NPCI AI UPI Payments 2026
NPCI AI UPI Payments 2026: जरा सोचिए कि आप अपने AI असिस्टेंट से सिर्फ इतना कहें, कि 'इस तरीख की मुंबई से दिल्ली की सबसे सस्ती फ्लाइट बुक कर दो।' कुछ ही सेकंड में AI सबसे बेहतर विकल्प चुन ले, आपकी जानकारी भर दे और UPI के जरिए पेमेंट भी पूरा कर दे। न QR कोड स्कैन करने की जरूरत, न हर बार UPI PIN डालने की। यह सुनने में यह अभी किसी सपने जैसा या भविष्य की तकनीक लग सकती है, लेकिन भारत का डिजिटल पेमेंट सिस्टम अब इसी दिशा में काफी ज्यादा आगे बढ़ चुका है। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) 'यूनिफाइड एजेंट प्रोटोकॉल' (UAP) नाम के नए फ्रेमवर्क पर काम कर रहा है, जो AI एजेंट्स को सुरक्षित तरीके से UPI ट्रांजैक्शन करने की अनुमति दे सकता है। अगर यह सिस्टम लागू होता है तो डिजिटल पेमेंट का तरीका पूरी तरह बदल सकता है।
क्या है Unified Agent Protocol, जिस पर काम कर रहा है NPCI?
यूनिफाइड एजेंट प्रोटोकॉल (Unified Agent Protocol) या UAP एक प्रस्तावित फ्रेमवर्क है, जिसे NPCI विकसित कर रहा है। इसका मकसद AI एजेंट्स को UPI नेटवर्क के भीतर सुरक्षित और अधिकृत तरीके से काम करने की सुविधा देना है। यह UPI की जगह नहीं लेगा, बल्कि मौजूदा सिस्टम के ऊपर एक अतिरिक्त सुरक्षा और वेरिफिकेशन लेयर के रूप में काम करेगा। यानी AI एजेंट किसी भी ट्रांजैक्शन से पहले अपनी पहचान और यूजर की अनुमति को प्रमाणित करेगा, जिससे भुगतान सुरक्षित बना रहेगा।
आज AI पेमेंट क्यों नहीं कर सकता?
फिलहाल ChatGPT, Gemini या अन्य AI असिस्टेंट आपके लिए होटल, फ्लाइट या ऑनलाइन शॉपिंग के विकल्प खोज सकते हैं और सबसे अच्छा सुझाव भी दे सकते हैं। लेकिन जब भुगतान करने की बारी आती है तो प्रक्रिया रुक जाती है। इसकी वजह यह है कि मौजूदा UPI नियम केवल यूजर या अधिकृत पेमेंट ऐप्स को ही ट्रांजैक्शन करने की अनुमति देते हैं। AI एजेंट के पास खुद से पेमेंट करने का अधिकार नहीं होता। यही कमी दूर करने के लिए UAP तैयार किया जा रहा है।
AutoPay से कितना अलग होगा यह सिस्टम?
UPI में पहले से AutoPay और Reserve Pay जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, जिनकी मदद से यूजर पहले से मंजूर किए गए भुगतान, जैसे OTT सब्सक्रिप्शन या EMI, अपने आप कर सकते हैं। लेकिन इनमें AI कोई फैसला नहीं लेता। UAP के आने के बाद AI जरूरत के अनुसार विकल्प तलाश सकेगा, तुलना करेगा और यूजर की तय सीमा के भीतर भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी कर सकेगा। यानी यह केवल ऑटोमैटिक पेमेंट नहीं बल्कि AI आधारित निर्णय लेने वाला सिस्टम होगा।
कैसे करेगा AI आपकी ओर से UPI पेमेंट?
संभावना है कि यूजर सबसे पहले AI असिस्टेंट को कोई निर्देश देगा, जैसे फ्लाइट बुक करने या कोई सामान खरीदने के लिए। इसके बाद AI अलग-अलग वेबसाइटों पर विकल्पों की तुलना करेगा और सबसे उपयुक्त विकल्प चुनेगा। फिर वह पेमेंट रिक्वेस्ट तैयार करेगा। इसके बाद UAP यह जांच करेगा कि AI एजेंट अधिकृत और भरोसेमंद है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद रिक्वेस्ट UPI नेटवर्क पर जाएगी और अगर ट्रांजैक्शन पहले से तय सीमा के भीतर होगा तो भुगतान अपने-आप पूरा हो सकता है। यदि अतिरिक्त मंजूरी की जरूरत होगी तो यूजर से अनुमति मांगी जाएगी।
क्या AI को बैंक खाते का पूरा एक्सेस मिलेगा?
शुरुआती जानकारी के मुताबिक ऐसा नहीं होगा। AI को आपके बैंक खाते का अनलिमिटेड एक्सेस नहीं दिया जाएगा। यूजर पहले से खर्च की सीमा, नियम और शर्तें तय करेगा। AI केवल उन्हीं सीमाओं के भीतर काम कर सकेगा। यदि कोई ट्रांजैक्शन तय सीमा से बाहर होगा तो उसके लिए अलग से मंजूरी लेनी पड़ सकती है। इससे यूजर का नियंत्रण और सुरक्षा दोनों बने रहेंगे।
सुरक्षा और फ्रॉड रोकना सबसे बड़ी चुनौती होगी
AI आधारित पेमेंट सिस्टम जितना सुविधाजनक होगा, उतनी ही नई चुनौतियां भी सामने आएंगी। साइबर अपराधी AI एजेंट्स का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए इस सिस्टम में मजबूत वेरिफिकेशन, ट्रांजैक्शन मॉनिटरिंग, खर्च की सीमा और जवाबदेही जैसे सुरक्षा उपाय शामिल किए जाने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि AI एजेंट्स को सुरक्षित बनाने के लिए कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था जरूरी होगी।
RBI की मंजूरी के बाद ही मिलेगा हरी झंडी
फिलहाल Unified Agent Protocol अभी शुरुआती चरण में है और इसे लागू करने से पहले भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मंजूरी जरूरी होगी। मंजूरी मिलने के बाद इसका परीक्षण किया जाएगा और फिर चरणबद्ध तरीके से इसे UPI नेटवर्क में शामिल किया जा सकता है। यानी अभी इस तकनीक के आम लोगों तक पहुंचने में कुछ समय लग सकता है।
भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम के लिए क्यों है बड़ा कदम?
भारत पहले ही UPI के जरिए दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल पेमेंट नेटवर्क में शामिल है। अगर UAP सफलतापूर्वक लागू हो जाता है तो भारत उन शुरुआती देशों में होगा, जहां AI एजेंट यूजर की अनुमति के साथ सुरक्षित तरीके से डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे। इससे टिकट बुकिंग, होटल रिजर्वेशन, ऑनलाइन शॉपिंग, बिल भुगतान और दूसरी डिजिटल सेवाएं पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो जाएंगी। आने वाले समय में AI केवल सलाह देने वाला टूल नहीं रहेगा, बल्कि आपकी ओर से कई जरूरी काम करने वाला भरोसेमंद डिजिटल असिस्टेंट भी बन सकता है।


