NTA Latest News 2026: NTA में अब तक की सबसे बड़ी सर्जरी! 600 विषय विशेषज्ञ हटाए, पेपर के लिए 4-लेयर सुरक्षा

NTA Latest News 2026: NEET-UG और UGC-NET विवादों के बाद NTA में बड़ा बदलाव। करीब 600 विषय विशेषज्ञ हटाए गए, प्रश्नपत्रों के लिए 4-स्तरीय जांच और CISF सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी।

Newstrack Network
Published on: 19 Aug 2026 11:54 PM IST (Updated on: 20 Aug 2026 12:16 AM IST)
NTA Latest News 2026
X

NTA Latest News 2026 (Image Credit-Social Media)

नई दिल्ली: नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक और हाल ही में यूजीसी-नेट (UGC-NET) परीक्षाओं में हुई गंभीर गड़बड़ियों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में बड़े पैमाने पर 'सफाई अभियान' शुरू हो गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी के कड़े रुख और फटकार के बाद एजेंसी ने परीक्षाओं के प्रश्नपत्र तैयार करने और उनका अनुवाद (ट्रांसलेशन) करने वाले करीब 600 विषय विशेषज्ञों व प्रोफेसरों के पैनल को एक झटके में हटा दिया है। परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह फुल-प्रूफ बनाने के लिए अब नए विशेषज्ञों की टीम बनाई जा रही है और प्रश्नपत्रों की जांच के लिए 4-स्तरीय (फोर-लेयर) सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है।

हाल ही में यूजीसी-नेट के अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों में ढेरों गलतियां और विसंगतियां मिलने के बाद परीक्षाएं रद्द करनी पड़ी थीं। लगातार हो रही इन चूकों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री द्वारा बुलाई गई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी जताई गई थी। इसके तुरंत बाद NTA महानिदेशक अभिषेक सिंह ने शिक्षा मंत्रालय को सुधारात्मक कदमों की जानकारी दी। महानिदेशक के अनुसार, पुराने 600 विशेषज्ञों को हटाने के साथ ही अगले दो से तीन हफ्तों के भीतर एजेंसी में 20 से 25 नए वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी तैनाती की जाएगी।

CISF के हवाले होगी NTA की सुरक्षा, ओखला से मिंटो रोड शिफ्ट होगा मुख्यालय

परीक्षाओं की गोपनीयता में सेंधमारी रोकने के लिए NTA के बुनियादी सुरक्षा ढांचे में भी ऐतिहासिक बदलाव किए जा रहे हैं। अब तक निजी सुरक्षा एजेंसियों के भरोसे चल रहे NTA के कार्यालय की कमान अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सौंपी जाएगी, जिससे मुख्यालय में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित हो सके। इसके साथ ही एजेंसी के मुख्यालय को ओखला से नई दिल्ली के मिंटो रोड स्थित नए परिसर में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

'एयर-गैप्ड' कंप्यूटर और आइसोलेटेड स्ट्रॉन्ग रूम से रुकेगा पेपर लीक

शिक्षा मंत्रालय के सख्त निर्देशों के तहत अब प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया को पूरी तरह 'लीक-प्रूफ' बनाया जा रहा है। इसके लिए इंटरनेट से पूरी तरह कटे हुए 'एयर-गैप्ड' कंप्यूटर सिस्टम और आइसोलेटेड (अलग-थलग) सुरक्षित कमरों का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है। प्रश्नपत्रों की गुणवत्ता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए चार स्तरीय स्क्रूटनी प्रणाली लागू होगी, जिससे अनुवाद या प्रश्नों के स्तर पर किसी भी मानवीय भूल या तकनीकी खामी की गुंजाइश खत्म की जा सके।

गौरतलब है कि NTA देश की सबसे बड़ी और संवेदनशील प्रवेश परीक्षाएं—जैसे नीट-यूजी, जेईई-मेन, सीयूईटी और यूजीसी-नेट—आयोजित करता है, जिनमें हर साल करीब एक करोड़ छात्र शामिल होते हैं। पेपर लीक विवाद के बाद एजेंसी अब तक अपने 50 संविदा कर्मियों और अधिकारियों को बर्खास्त कर चुकी है। अब पूरी परीक्षा प्रक्रिया का थर्ड-पार्टी ऑडिट कराकर शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के विश्वास को बहाल करने की तैयारी है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story