TRENDING TAGS :
हद से बाहर निकले मुस्लिम देश! कश्मीर में दोबारा 370 लागू करने की मांग, भारत के खिलाफ रची बड़ी साजिश
मुस्लिम देशों के संगठन OIC ने एक बार फिर भारत के आंतरिक मामले जम्मू-कश्मीर में दखल देते हुए अनुच्छेद 370 की बहाली और जनमत संग्रह की मांग की है। जानिए
मुस्लिम देशों के सबसे बड़े संगठन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाकर विवाद खड़ा किया है। OIC ने अपने ताज़ा बयान में कश्मीर में जनमत संग्रह की मांग करते हुए कहा है कि वह वहां के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करता है। इसके साथ ही संगठन ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 को बहाल करने की भी मांग की है। भारत पहले ही कई बार साफ कर चुका है कि OIC को उसके आंतरिक मामलों में दखल देने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है और इस तरह के बयानों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि OIC 57 देशों का एक अंतरसरकारी संगठन है, जो खुद को मुस्लिम दुनिया की सामूहिक आवाज बताता है। संगठन ने 8 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि OIC, 5 जनवरी 1949 को पारित संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव की वर्षगांठ के मौके पर, जम्मू-कश्मीर के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करता है और इसके लिए एक स्वतंत्र व निष्पक्ष जनमत संग्रह की बात करता है।
OIC के बयान में कहा गया, “जनरल सेक्रेटेरिएट 5 जनवरी 1949 को भारत और पाकिस्तान पर संयुक्त राष्ट्र आयोग द्वारा अपनाए गए उस प्रस्ताव को याद दिलाता है, जिसमें जम्मू-कश्मीर के लोगों को संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में स्वतंत्र और निष्पक्ष जनमत संग्रह के जरिए आत्मनिर्णय का अधिकार देने की पुष्टि की गई थी।” बयान में आगे कहा गया कि संगठन जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ पूरी एकजुटता दिखाता है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करता है कि वह राज्य की अंतरराष्ट्रीय मान्यता का सम्मान करे तथा 5 अगस्त 2019 के बाद उठाए गए सभी एकतरफा कदमों को वापस लिया जाए।
इसके अलावा OIC ने संयुक्त राष्ट्र से भी अपील की है। बयान में कहा गया कि जनरल सेक्रेटेरिएट अंतरराष्ट्रीय समुदाय, विशेषकर संयुक्त राष्ट्र की जिम्मेदारी पर भरोसा जताता है कि वह जम्मू-कश्मीर से जुड़े प्रस्तावों को लागू करे और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के संबंधित प्रस्तावों के अनुसार इस विवाद का समाधान निकाले।


