TRENDING TAGS :
₹60 वाला प्याज अब ₹35 में! सरकार ने शुरू की सबसे सस्ती बिक्री, जानें कब और कहां मिलेगा
Onion Sale Today: 55-60 रुपये किलो बिक रहा प्याज अब 35 रुपये प्रति किलो मिलेगा। सरकार ने NCCF और NAFED के जरिए रियायती बिक्री शुरू करने की तैयारी की है। जानें कहां और कैसे मिलेगा सस्ता प्याज।
Onion Sale Today: राजधानी दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में रसोई का बजट बिगाड़ रहे प्याज के दामों पर अब केंद्र सरकार ने नकेल कसने की पूरी तैयारी कर ली है। बीते कुछ दिनों से लगातार आसमान छू रही प्याज की कीमतों से परेशान आम लोगों को राहत देने के लिए सरकार गुरुवार से भारी छूट पर प्याज बेचने जा रही है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में जहां खुदरा बाजार में प्याज 55 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था, वहीं अब लोगों को यह महज 35 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। केंद्रीय उपभोक्ता मामले और खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी इस जनहित योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
1.21 लाख टन बफर स्टॉक तैयार
उपभोक्ता मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, साल 2026 के लिए सरकार ने 1.21 लाख टन प्याज का मजबूत बफर स्टॉक तैयार किया है। एनसीसीएफ के पास लगभग 62,000 टन प्याज का बफर स्टॉक मौजूद है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गुरुवार को दिल्ली में बिक्री शुरू करने के तुरंत बाद इस हफ्ते के अंत तक पूरे एनसीआर (NCR) क्षेत्र में रियायती प्याज उपलब्ध करा दिया जाएगा।
'कांदा एक्सप्रेस' ला रही 800 टन प्याज की खेप
प्याज की किल्लत को तुरंत खत्म करने के लिए सरकार ने एक विशेष मालगाड़ी 'कांदा एक्सप्रेस' भी चलाई है। नासिक से 800 टन प्याज लादकर रवाना हुई यह खास ट्रेन गुरुवार को दिल्ली पहुंचने वाली है। इस ट्रेन के आने से बाजार में प्याज की आपूर्ति काफी मजबूत होगी, जिससे मनमाने दाम वसूलने वाले दुकानदारों पर लगाम लगेगी।
जानिए कहां और कैसे मिलेगा 35 रुपये वाला प्याज
सस्ते प्याज की बिक्री के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं:
एनसीसीएफ शुरुआत में केंद्रीय भंडार के 100 सेंटरों के माध्यम से बिक्री करेगा।
मदर डेयरी के 300 बिक्री केंद्रों के जरिए भी प्याज बेचने पर अंतिम बातचीत चल रही है।
पहले दिन 15 मोबाइल वैन सड़कों पर उतरेंगी, जिनकी संख्या शुक्रवार से बढ़ाकर 40 की जाएगी।
नाफेड भी अपने 55,000 टन बफर स्टॉक से दिल्ली के साथ-साथ कोच्चि और गुवाहाटी में रियायती प्याज बेचेगा।
अगस्त में 11 फीसदी तक बढ़ा था प्याज का भाव
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की अगस्त रिपोर्ट के मुताबिक, खाने-पीने की चीजों में सबसे ज्यादा 11 फीसदी की भारी तेजी प्याज के दामों में दर्ज की गई थी। इसके साथ ही चावल में 2.1 फीसदी और दालों में भी उछाल देखा गया था।ऐसे में सरकार का यह कदम सीधे तौर पर आम आदमी की जेब को बड़ी राहत पहुंचाने वाला है।


