TRENDING TAGS :
'हाथ काट देंगे' कहने वाले पाकिस्तानी मंत्री से पूछा- अब पछतावा है? जवाब सुनकर चौंक जाएंगे
Musadik Malik Statement: पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक से भारत में सिंधु जल संधि पर 'हाथ काट देंगे' वाले बयान को लेकर सवाल किया गया। जानिए उन्होंने भारतीय पत्रकारों को क्या जवाब दिया।
Musadik Malik
Musadik Malik Statement: भारत आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक को भारतीय पत्रकारों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। आतंकवाद से लेकर सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) और हाफिज सईद-मसूद अजहर जैसे आतंकियों को भारत को सौंपने तक के सवाल पूछे गए, लेकिन हर बार मंत्री ने सीधे जवाब देने के बजाय बात को दूसरे मुद्दे की ओर मोड़ दिया। कहीं उन्होंने सबूतों के आधार पर बातचीत की दलील दी तो कहीं यह कहकर सवाल टाल दिया कि उन्हें दिल्ली में सभ्यता और संस्कृति पर चर्चा के लिए बुलाया गया है। इस दौरान उनका एक जवाब भी चर्चा में रहा- 'मैं आपका मेहमान हूं और आप मेरे मेजबान।'
आतंकियों को भारत को सौंपने के सवाल पर क्या बोले मुसादिक मलिक?
शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के तहत दिल्ली में आयोजित सभ्यता संवाद मंच में शामिल होने आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक से भारतीय पत्रकारों ने हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकियों को भारत के हवाले करने को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने सवालों के लहजे पर आपत्ति जताते हुए कहा, 'इतनी ऊंची आवाज में क्यों बात कर रहे हैं भाई?'
उन्होंने कहा कि जब भी इस मुद्दे पर बातचीत होगी, वह सबूतों के आधार पर होगी। इसके बाद पाकिस्तानी मंत्री ने अपने देश में आतंकवाद की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान खुद भी दहशतगर्दी से सबसे ज्यादा परेशान है। उन्होंने दावा किया कि उनका देश चाहता है कि सबूतों के आधार पर सभी चीजें सामने आएं और मिलकर आतंकवाद का मुकाबला किया जाए।
सिंधु जल संधि पर सवाल आया तो फिर टाल गए जवाब
पत्रकारों ने मुसादिक मलिक से उनके उस बयान पर भी जवाब मांगा, जिसमें उन्होंने कहा था कि सिंधु नदी के पानी को नियंत्रित करने की कोशिश करने वालों के हाथ काट दिए जाएंगे। उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अपने इस बयान पर पछतावा है?
इस सवाल पर भी उन्होंने सीधे तौर पर कुछ कहने से परहेज किया। मुसादिक मलिक ने कहा कि जब उन्हें सिंधु जल के मुद्दे पर चर्चा के लिए बुलाया जाएगा, तब वह इस पर जरूर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें जिन विषयों पर बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है, उन पर वह विस्तार से अपनी बात रख चुके हैं।
'मैं आपका मेहमान हूं और आप मेरे मेजबान'
लगातार सवालों के बीच पाकिस्तानी मंत्री ने यह भी स्पष्ट करने की कोशिश की कि वह दिल्ली में किस उद्देश्य से आए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) और संस्कृति के संदर्भ में बातचीत के लिए बुलाया गया है, इसलिए वह उन्हीं विषयों पर चर्चा कर रहे हैं।
उन्होंने भारतीय पत्रकारों से कहा, 'आपने मुझे तहजीब और सिविलाइजेशन पर बात करने के लिए बुलाया है, तो मैं आपका मेहमान हूं और आप मेरे मेजबान हैं।'
मुसादिक मलिक ने आगे कहा कि पत्रकार उन्हें कई बार रोक चुके हैं और वह भी कई बार रुक चुके हैं। उनके मुताबिक, उनसे एक ही सवाल बार-बार पूछा जा रहा है और वह उसका जवाब भी कई बार दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनसे 500 बार भी वही सवाल पूछा जाएगा, तो उनका जवाब वही रहेगा जो वह पहले दे चुके हैं।


