TRENDING TAGS :
यह पूछने के लिए नहीं बुलाया गया... आतंकवाद के सवालों पर टेंशन में आए पाकिस्तानी मंत्री, बाचचीत करने के लिए रखी शर्त
पहलगाम आतंकी हमले के करीब 19 महीने बाद पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने आतंकवाद पर सबूतों के आधार पर बातचीत की बात कही।
India-Pakistan: पहलगाम आतंकी हमले के करीब 19 महीने बाद पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को लेकर एक बयान सामने आया है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने रविवार को दिल्ली में कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर बातचीत सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान में भी हजारों लोग कट्टरपंथ और आतंकवाद का शिकार हुए हैं। मलिक ने इस समस्या से निपटने के लिए पूरे क्षेत्र के देशों को मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसा मंच बनाया जाना चाहिए, जहां सभी देश अपने सबूत और चिंताएं सामने रख सकें और उन पर बातचीत हो सके।
मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कही। उन्होंने कहा कि आतंकवाद किसी एक देश की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में इस मुद्दे पर चर्चा करते समय सभी तथ्यों और सबूतों को पारदर्शी तरीके से एक-दूसरे के सामने रखना जरूरी है। उनके मुताबिक, जब तक सभी पक्ष अपने सबूत सामने नहीं रखेंगे, तब तक इस समस्या का समाधान निकालना मुश्किल होगा।
आतंकवाद पर सवाल पूछे जाने पर क्या बोले पाकिस्तानी मंत्री?
आतंकवाद को लेकर सवाल पूछे जाने पर मलिक ने कहा कि उनसे ऐसा सवाल किया जा रहा है, जिस मुद्दे पर बात करने के लिए उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जब भी द्विपक्षीय बातचीत के लिए बुलाया जाएगा, पाकिस्तान उसमें शामिल होगा।
जब उनसे दोबारा पूछा गया कि क्या आतंकवाद खत्म होगा, तो उन्होंने फिर यही बात दोहराई कि इस मुद्दे पर किसी भी चर्चा का आधार सबूत होने चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए सभी देशों को मिलकर प्रयास करना होगा।
मलिक ने यह चेतावनी भी दी कि पाकिस्तान को उकसाने की कोशिशों से जवाबी उकसावे की स्थिति पैदा हो सकती है। हालांकि, उन्होंने साथ ही कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर किसी भी तरह की बातचीत तथ्यों और सबूतों के आधार पर ही होनी चाहिए।
'सभी सबूत सामने रखे जाने चाहिए'
मलिक ने कहा कि आतंकवाद पर किसी भी तरह की चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि पूरा क्षेत्र मिलकर इस समस्या का सामना करे, क्योंकि आतंकवाद और कट्टरपंथ का असर कई देशों पर पड़ा है।
उन्होंने कहा, "इस मामले पर होने वाली कोई भी चर्चा सबूतों पर आधारित होनी चाहिए। मेरी इच्छा है कि जिस तरह पूरा क्षेत्र इस समस्या से प्रभावित हुआ है, हम सभी मिलकर इसका समाधान निकालें।"
पाकिस्तानी मंत्री ने आगे कहा कि उनके देश में भी आतंकवाद और कट्टरपंथ की वजह से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के अधिकारी अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मलिक के मुताबिक, इस समस्या का समाधान निकालने का एक ही रास्ता है कि सभी देश अपने तथ्य और सबूत एक-दूसरे के सामने पारदर्शी तरीके से रखें।
उन्होंने एक ऐसे साझा मंच की जरूरत बताई, जहां सभी पक्ष अपने सबूत पेश कर सकें और हर मुद्दे पर तथ्यों के आधार पर बातचीत हो सके। उनका कहना था कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए देशों को एक साथ आना होगा।
'आप अपने सबूत लाइए, हम अपने सबूत लाएंगे'
जब पाकिस्तानी मंत्री से आगे सवाल किए गए तो उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत के जरिए भी चर्चा हो सकती है। इसके अलावा बहुपक्षीय मंच पर भी इस मुद्दे को उठाया जा सकता है।
मलिक ने कहा, 'मैं इस मामले पर एक स्थिर और स्पष्ट जवाब दे रहा हूं। जब भी बातचीत होगी, वह सबूतों के आधार पर होगी। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि ऐसी चर्चा जरूर होगी।'
उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान पहले भी अलग-अलग मंचों पर सबूतों के आधार पर बातचीत का प्रस्ताव रख चुका है। मलिक ने कहा कि दोनों देश चाहें तो आपसी बातचीत में अपने-अपने सबूत रख सकते हैं या फिर किसी बहुपक्षीय मंच पर इस मुद्दे को उठाया जा सकता है।
उन्होंने कहा, 'हमने कई मौकों पर अलग-अलग मंचों पर कहा है कि सबूत द्विपक्षीय बातचीत में पेश किए जा सकते हैं। हमने यह भी सुझाव दिया है कि इस मुद्दे पर बहुपक्षीय तरीके से चर्चा हो सकती है। आप अपने सबूत लाइए और हम अपने सबूत लाएंगे।'
पहलगाम हमले के बाद आतंकवाद पर पाकिस्तान का बयान
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े पाकिस्तानी नागरिकों ने अंजाम दिया था। इस संगठन का प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) बताया गया है। इस हमले के करीब 19 महीने बाद पाकिस्तान के मंत्री का यह बयान सामने आया है।
मलिक ने अपने बयान में आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक प्रयास और सबूतों के आधार पर बातचीत की बात कही है। हालांकि, उन्होंने पहलगाम हमले को लेकर सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया। उनका जोर इस बात पर रहा कि आतंकवाद से जुड़े सभी मुद्दों पर बातचीत पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए और दोनों पक्षों को अपने-अपने सबूत सामने रखने चाहिए।


