TRENDING TAGS :
Indian Army Chief Warns Pakistan: पाकिस्तान भूगोल का हिस्सा रहना चाहता है या फिर..., इंडियन आर्मी चीफ की आतंकवाद पर तगड़ी वार्निंग
Indian Army Chief Warns Pakistan: भारतीय थलसेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद को लेकर कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है।
Indian Army Chief Warns Pakistan: भारतीय थलसेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान लगातार आतंकवादियों को संरक्षण देता रहा और भारत विरोधी गतिविधियों का समर्थन करता रहा, तो उसे यह तय करना होगा कि वह भूगोल का हिस्सा बने रहना चाहता है या इतिहास का हिस्सा बनना चाहता है। भारतीय थलसेना प्रमुख का यह बयान ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर काफी चर्चा में है।
आतंकी गतिविधि बर्दाश्त नहीं
नई दिल्ली स्थित मनकशॉ सेंटर में आयोजित सेना संवाद कार्यक्रम के दौरान जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है और किसी भी आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि भविष्य में फिर से ऑपरेशन सिंदूर जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो भारतीय सेना पहले से अधिक मजबूत और तेज कार्रवाई करेगी। गौरतलब है कि बीते साल 7 मई को पहलगाम में हुए बड़े आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। इन हमलों में कई आतंकवादी अड्डों को नष्ट कर दिया गया था।
भारत शांति और स्थिरता का पक्षधर
भारत की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भी जवाबी हमले करने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय सेना ने हर मोर्चे पर मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों देशों के बीच यह तनाव लगभग 88 घंटे तक चला था। बाद में 10 मई की शाम दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद स्थिति सामान्य हुई। ऑपरेशन सिंदूर को भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का मजबूत उदाहरण माना गया। जनरल द्विवेदी ने कहा कि भारत हमेशा शांति और स्थिरता का पक्षधर रहा है, लेकिन यदि कोई देश आतंकवाद को बढ़ावा देगा तो भारत उसके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अब यह तय करना होगा कि वह विकास और शांति के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहता है या फिर आतंकवाद के सहारे दुनिया में अपनी पहचान बनाए रखना चाहता है।
भारतीय सेना पहले से अधिक सक्षम
आर्मी चीफ ने यह भी कहा कि भारतीय सेना अब पहले से कहीं अधिक सक्षम और आधुनिक हो चुकी है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान थलसेना, वायुसेना और नौसेना के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला था, जिसने भारत की सैन्य ताकत को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया। विशेषज्ञों के अनुसार जनरल द्विवेदी का यह बयान केवल पाकिस्तान के लिए चेतावनी नहीं है, बल्कि दुनिया को यह संदेश भी है कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से किसी तरह का समझौता नहीं करेगा। आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख अब और अधिक सख्त और निर्णायक हो चुका है।


