15 दिसंबर से पहले संसद का शीतकालीन सत्र! PM मोदी ने मंत्रियों को दिया बड़ा निर्देश

Parliament Winter Session 2026: PM मोदी ने 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र की तैयारी के निर्देश दिए। परिसीमन बिल, महिला आरक्षण और विपक्ष के विरोध पर रहेगी नजर।

Alakha Singh
Published on: 26 Nov 2026 10:27 AM IST (Updated on: 26 Nov 2026 10:32 AM IST)
PM Modi at Parliament (File Photo)
X

PM Modi at Parliament (File Photo)

Parliament Winter Session 2026: संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर जारी सियासी अटकलों के बीच केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने हलचल तेज कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारियां पूरी करने और इस दौरान विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दी है। 25 नवंबर को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में भी संसद का अगला सत्र बुलाने को लेकर चर्चा हुई। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि सरकार जल्द ही संसद की कार्यवाही शुरू कराने की तैयारी में है। हालांकि, 26 नवंबर तक सत्र की आधिकारिक तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। सरकार की ओर से पहले दिसंबर के शुरुआती सप्ताह में सत्र बुलाने की संभावना जताई गई थी, जबकि अब प्रधानमंत्री के निर्देश के बाद 15 दिसंबर से पहले संसद की बैठक बुलाने की तैयारी की खबरें सामने आई हैं। संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति सत्र की तारीख और अवधि पर अंतिम फैसला करेगी।

मंत्रियों और सांसदों को तैयार रहने का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशों के बाद केंद्र सरकार के मंत्रियों और सत्तारूढ़ एनडीए के सांसदों ने भी अपनी यात्रा योजनाओं को रोकना शुरू कर दिया है। 26 नवंबर को आई रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रियों और सांसदों को आशंका है कि संसद के सत्र की तारीखों का ऐलान कम समय के नोटिस पर हो सकता है।

हालांकि, इस संबंध में किसी औपचारिक लिखित निर्देश की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन सरकार के भीतर सभी को उपलब्ध रहने का संदेश दिया गया है। इससे संसद का सत्र जल्द बुलाए जाने की संभावना और मजबूत हुई है।

103 दिन से संसद का सत्रावसान नहीं, विपक्ष ने सरकार को घेरा

संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने में हो रही देरी विपक्ष के लिए बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गई है। संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था, लेकिन 26 नवंबर तक इसे औपचारिक रूप से समाप्त यानी सत्रावसान नहीं किया गया है।

इस बीच 100 दिन से ज्यादा का समय बीत चुका है। विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सरकार संसद की नियमित कार्यवाही शुरू कराने से क्यों बच रही है। तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ'ब्रायन समेत विपक्षी नेताओं ने सत्र की तारीखों को लेकर सरकार से जवाब मांगा है।

दिलचस्प बात यह है कि मानसून सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं होने से सरकार कम समय के नोटिस पर संसद की बैठक बुला सकती है। वहीं, नया सत्र बुलाने के लिए राष्ट्रपति की ओर से औपचारिक समन जारी करने की प्रक्रिया अपनानी होगी।

परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर रहेगी नजर

संसद के आगामी सत्र को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक की है। सरकार की कोशिश लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन के जरिए महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने की बताई जा रही है।

प्रस्तावित योजना के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने का प्रावधान चर्चा में है। सरकार इस विधेयक को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है।

हालांकि, इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच पहले ही तीखा टकराव हो चुका है। 2026 के बजट सत्र के दौरान संविधान (131वां संशोधन) विधेयक को आवश्यक समर्थन नहीं मिल पाया था। इसके बाद इससे जुड़े परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेशों के कानूनों में संशोधन वाले विधेयकों पर भी आगे कार्यवाही नहीं हुई। अब शीतकालीन सत्र में सरकार इस मुद्दे को फिर से उठा सकती है।

सरकार के लिए दो-तिहाई समर्थन जुटाना बड़ी चुनौती

परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन को पारित कराना मोदी सरकार के लिए आसान नहीं होगा। संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत ऐसे संशोधन के लिए सदन की कुल सदस्य संख्या के बहुमत के साथ उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है।

यही वजह है कि सरकार को विपक्षी दलों का समर्थन जुटाना पड़ सकता है। दूसरी तरफ कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने के सरकार के प्रस्ताव पर सवाल उठा चुके हैं। ऐसे में संसद का आगामी सत्र सिर्फ विधायी कामकाज तक सीमित नहीं रहने वाला है। एसआईआर, चुनाव आयोग, महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरकार संसद का सत्र कब बुलाती है और क्या इस बार परिसीमन विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी राजनीतिक समर्थन जुटा पाएगी।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story