TRENDING TAGS :
West Bengal Bomb Blast: हावड़ा शिवपुर बमबाजी केस में बड़ा एक्शन, मुंबई से तीन आरोपी गिरफ्तार
West Bengal Bomb Blast: मुंबई क्राइम ब्रांच ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा शिवपुर बमबाजी और फायरिंग मामले में फरार तीन आरोपियों को देवनार से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य साजिशकर्ता भी पकड़ा गया है और ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया जारी है।
West Bengal Bomb Blast (Image Credit-Social Media)
West Bengal Bomb Blast: मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र में बमबाजी और फायरिंग मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुंबई के देवनार इलाके से गिरफ्तार आरोपियों में मामले का मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल है।
मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, तीनों आरोपी पश्चिम बंगाल में वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी पहचान छिपाकर देवनार स्थित एकता एसआरए बिल्डिंग के एक कमरे में रह रहे थे। मुंबई पुलिस को हावड़ा पुलिस से इनपुट मिला कि शिवपुर बमबाजी मामले के आरोपी मुंबई में छिपे हुए हैं।
गुप्त सूचना मिलने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमीम अहमद अब्दुल रशीद (40), जमील अख्तर अली (43) और अफताब अनवर खुर्शीद अनवर (44) के रूप में हुई है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने शिवपुर बमबाजी और फायरिंग मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है।
पुलिस ने बताया कि हावड़ा के शिवपुर पुलिस स्टेशन की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है और आरोपियों को हिरासत में लेने की प्रक्रिया जारी है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंप दिया जाएगा।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने कहा कि पश्चिम बंगाल में दर्ज मामले में आगे की जांच शिवपुर पुलिस द्वारा की जाएगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच की एक यूनिट ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से जुड़े एक मामले में भी दो लोगों को गिरफ्तार किया था। बताया गया कि ये दोनों आरोपी एक आश्रम के बाहर बम फेंकने की घटना में शामिल थे। आरोप है कि इन दोनों ने घटना को अंजाम देने के बाद बचने के लिए मुंबई आ गए थे।


