TRENDING TAGS :
सोना की कीमत गिरने की बड़ी वजह क्या? केंद्रीय मंत्री का दावा- भारत ने ग्लोबल मार्केट को हिलाया
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि PM मोदी की अपील के बाद भारतीयों ने सोने की खरीद और आयात कम किया, जिसका असर वैश्विक कीमतों पर भी पड़ा।
सोना क्यों हो रहा सस्ता: सोना खरीदने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का जिक्र करते हुए केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारतीयों ने सोने का आयात कम करके दुनिया के बाजार में भी कीमतों को प्रभावित किया है। गोयल के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की थी कि वे अपने विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल सिर्फ सोना आयात करने में न करें, बल्कि अपनी बचत को ऐसे कामों में लगाएं, जिनसे देश की अर्थव्यवस्था और उत्पादक गतिविधियों को फायदा मिले। उन्होंने कहा कि देश के लोगों ने पीएम मोदी की बात को गंभीरता से लिया और सोने की खरीद कम की। इसी वजह से सोने के वैश्विक बाजार पर भी इसका असर पड़ा।
पीयूष गोयल ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की थी कि वे अपने विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल केवल सोना आयात करने में न करें, बल्कि अपनी बचत को उत्पादक संपत्तियों में निवेश करें। देश के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात को बहुत गंभीरता से लेते हैं। इसी का नतीजा है कि लोगों ने सोने का आयात कम किया और इससे स्वाभाविक रूप से वैश्विक सोने की कीमतों पर भी असर पड़ा। इसी वजह से प्रधानमंत्री ने देश की जनता का धन्यवाद किया।'
PM मोदी ने एक साल तक सोना नहीं खरीदने की की थी अपील
गोयल का यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के लखनऊ दौरे के एक दिन बाद आया है। लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने अपनी उस अपील का जिक्र किया था, जिसमें उन्होंने लोगों से एक साल तक गैर-जरूरी सोना नहीं खरीदने को कहा था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि देशवासियों ने उनकी बात मानी और सोने की खरीद कम की।
पीएम मोदी ने कहा, 'एक साल पहले मैंने देशवासियों से आग्रह किया था कि एक साल तक अगर जरूरी न हो तो कृपया सोना न खरीदें।' उन्होंने इसकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की उस अपील से की, जिसमें उन्होंने देशवासियों से एक समय का भोजन छोड़ने का आग्रह किया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह देश ने शास्त्री जी की अपील का पालन किया था, उसी तरह लोगों ने उनकी बात भी मानी। उन्होंने कहा, 'मुझे खुशी है कि लाल बहादुर शास्त्री जी ने जब देशवासियों से एक समय का भोजन छोड़ने को कहा था, तब देश ने उनकी बात मानी थी। मेरे देश का वही चरित्र आज भी कायम है। मेरे जैसे एक सामान्य व्यक्ति ने लोगों से कम सोना खरीदने की अपील की और देशवासियों ने कम सोना खरीदा। इससे सोने की कीमतें गिरीं। आज लोग मुझे बताते हैं कि मोदी जी, आपने कहा था और हमने आपकी सलाह मानी, जिससे हमारा पैसा बच गया।'
भारत में सोने की कमी क्यों हो रही है?
सोने की कमी या बाजार में इसकी उपलब्धता घटने के पीछे एक अहम वजह भारत की आयात पर निर्भरता है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है। जब देश में सोने की मांग बढ़ती है, तो आयात भी बढ़ता है। इसके लिए भारत को डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। इससे विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ सकता है और देश का आयात बिल बढ़ सकता है।
वहीं, जब लोग सोने की खरीद कम करते हैं तो आयात की मांग घट सकती है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार से होने वाली खरीद पर पड़ता है। हालांकि, दुनिया में सोने की कीमतें सिर्फ भारत की मांग से तय नहीं होतीं। वैश्विक मांग और सप्लाई, डॉलर की कीमत, ब्याज दरें, केंद्रीय बैंकों की खरीद और अंतरराष्ट्रीय तनाव जैसे कई कारण भी सोने के दाम को प्रभावित करते हैं।
इसलिए सोने की उपलब्धता कम होने और उसकी कीमत घटने को एक ही बात नहीं समझना चाहिए। पीयूष गोयल ने सोने का आयात घटने से वैश्विक कीमतों पर असर पड़ने की बात कही है, जबकि बाजार में सोने की कीमतें कई अंतरराष्ट्रीय कारकों पर निर्भर करती हैं।
मई में PM मोदी ने की थीं सात अपीलें
प्रधानमंत्री मोदी ने 10 मई 2026 को सिकंदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान विदेशी मुद्रा बचाने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए देशवासियों से सात अपीलें की थीं। उस समय पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच उन्होंने लोगों से सोने की खरीद कम करने, एक साल तक विदेश यात्रा सीमित रखने, जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम अपनाने, ईंधन बचाने और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की बात कही थी।
इसके अलावा उन्होंने खाने के तेल की खपत कम करने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की भी अपील की थी। प्रधानमंत्री की इन अपीलों के बाद कई केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और बीजेपी नेताओं ने भी कदम उठाने की बात कही थी। इनमें सरकारी काफिले कम करना, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ाना और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना शामिल था।
विपक्ष ने उठाए थे सवाल
प्रधानमंत्री की इन अपीलों पर विपक्ष के कुछ नेताओं ने सवाल भी उठाए थे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और कार्ति चिदंबरम समेत कई नेताओं ने कहा था कि सरकार आर्थिक जिम्मेदारियों का बोझ आम लोगों पर डाल रही है। विपक्षी नेताओं का तर्क था कि सरकार को अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों का समाधान खुद करना चाहिए, न कि आम नागरिकों से अपनी खपत कम करने की अपील करनी चाहिए।


