TRENDING TAGS :
मोदी-बालेन शाह की इस मुलाकात से चीन को लगेगा झटका? भारत-नेपाल के बीच होने जा रहा बड़ा समझौता!
PM Modi-Balen Shah Meeting: पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की मुलाकात से भारत-नेपाल संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। भारत नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए बड़ा पैकेज दे सकता है। गोरखा भर्ती और चीन के बढ़ते प्रभाव पर भी रहेंगी नजरें।
PM Modi-Balen Shah Meeting
PM Modi-Balen Shah Meeting: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह सोमवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। राष्ट्रपति भवन में उनका भव्य स्वागत किया गया। रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे बालेन शाह की यह यात्रा कई मायनों में अहम मानी जा रही है। दोनों देशों को उम्मीद है कि इस दौरे से भारत और नेपाल के रिश्तों (India-Nepal Relations) में एक नया अध्याय शुरू होगा। इसकी सबसे बड़ी वजह नेपाल में मजबूत और स्थायी सरकार का बनना है। राजशाही खत्म होने के बाद पहली बार नेपाल में किसी प्रधानमंत्री की सरकार स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में आई है। मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा है।
भारत के लिए क्यों अहम है यह दौरा?
भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रिश्ते (Bilateral Relations) रहे हैं। नेपाल की अर्थव्यवस्था में भारत की प्रमुख भूमिका है और भारत लंबे समय से नेपाल का विकास सहयोगी (Development Partner) रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, रोजगार और सामाजिक संबंधों के साथ-साथ लोगों का एक-दूसरे के यहां आना-जाना भी काफी पुराना है।
हालांकि, पिछले कुछ समय से नेपाल में चीन का बढ़ता हस्तक्षेप (Chinese Influence) भारत के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। इसकी एक बड़ी वजह दोनों देशों के बीच करीब 1800 किलोमीटर लंबी खुली सीमा (Open Border) का होना है। ऐसे में बालेन शाह की भारत यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत कर सकता है पुनर्निर्माण पैकेज का ऐलान
इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करना सबसे बड़ा एजेंडा माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, नेपाल में कुछ समय पहले आई बाढ़ (Flood) ने भारी तबाही मचाई थी। उस दौरान भारत ने राहत और बचाव कार्यों में मदद की थी। अब माना जा रहा है कि भारत नेपाल के पुनर्निर्माण (Reconstruction) के लिए बड़े पैकेज का ऐलान कर सकता है।
अगर ऐसा होता है तो बाढ़ से प्रभावित इलाकों को दोबारा खड़ा करने और नेपाल के विकास कार्यों को गति देने में मदद मिल सकती है। इस घोषणा को दोनों देशों के बीच विकास सहयोग को आगे बढ़ाने के कदम के तौर पर भी देखा जा रहा है।
गोरखाओं की भर्ती का फिर खुल सकता है रास्ता
बालेन शाह की यात्रा के दौरान गोरखाओं की भारतीय सेना में भर्ती (Gorkha Recruitment) का मुद्दा भी अहम हो सकता है। हाल ही में भारत ने अग्निवीरों (Agniveers) को स्थायी करने का ऐलान किया है। इसके बाद माना जा रहा है कि नेपाल सरकार एक बार फिर अपने नागरिकों को भारतीय सेना में भर्ती की मंजूरी देने पर विचार कर सकती है।
दरअसल, अग्निपथ योजना (Agnipath Scheme) शुरू होने के बाद से ही नेपाल में भारतीय सेना के दोनों भर्ती केंद्र बंद हैं। अब बदली हुई परिस्थितियों में नेपाल इन केंद्रों को फिर से शुरू करने के लिए तैयार हो सकता है। नेपाल सरकार पर इस मुद्दे को लेकर घरेलू दबाव (Domestic Pressure) भी है। ऐसे में दोनों प्रधानमंत्रियों की मुलाकात के दौरान इस विषय पर कोई रास्ता निकलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सीमा विवाद पर नहीं होगी बातचीत
भारत और नेपाल के बीच सीमा से जुड़े कुछ विवाद भी रहे हैं, लेकिन इस बार प्रधानमंत्री बालेन शाह की यात्रा के एजेंडे में सीमा विवाद (Border Dispute) को शामिल नहीं किया गया है। विदेश मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस तरह के विवादों को सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच अधिकारियों का एक तंत्र पहले से स्थापित है। इसलिए प्रधानमंत्री स्तर की इस बैठक में सीमा विवाद पर चर्चा होने की संभावना नहीं है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मिले बालेन शाह
भारत पहुंचने के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की। रविवार को दिल्ली पहुंचने पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया था।
विदेश मंत्रालय ने बालेन शाह की इस यात्रा को भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चली आ रही बहुआयामी साझेदारी (Multifaceted Partnership) को और मजबूत करने का अवसर बताया है। इस दौरे में दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंधों के साथ विकास, सहयोग और आपसी संपर्क को आगे बढ़ाने पर जोर रहने की उम्मीद है।
चीन को क्या संदेश देना चाहता है भारत?
विदेश मामलों के विशेषज्ञ और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर सुधीर सिंह के मुताबिक, नेपाल और चीन के बीच संबंधों में तल्खी के बीच बालेन शाह की भारत यात्रा काफी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह की बैठक से चीन को भी एक संदेश मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि नेपाल की अर्थव्यवस्था भारत से जुड़ी हुई है। ऐसे में नेपाल के लिए भारत के साथ मजबूत रिश्ते बनाए रखना जरूरी है। भारत और नेपाल के संबंध सिर्फ कूटनीति या कारोबार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता (Roti-Beti Relations) भी है। यही वजह है कि बालेन शाह की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच भरोसा और सहयोग बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
बालेन शाह की भारत यात्रा के बीच भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संपर्क (Cultural Connectivity) को मजबूत करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया जा रहा है। सोमवार को अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन होगा।
इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन को सजाया गया है। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन नंबर 04295 अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम (Virtual Mode) से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत करेंगे।
यह रेल सेवा अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच संपर्क को मजबूत करने के साथ दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को भी नई मजबूती देगी। एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह के बीच उच्चस्तरीय बातचीत हो रही है, तो दूसरी तरफ रेल संपर्क की यह शुरुआत भारत-नेपाल संबंधों को जमीन पर और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।


