7 अक्टूबर 2001 से 2026 तक… PM मोदी के 25 साल पूरे, नेताओं ने दी बधाई

PM Modi 25 Years: PM मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे हो गए। गुजरात से शुरू हुआ सफर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचा। इस उपलक्ष्य में आज दिल्ली में विकसित भारत संकल्प सभा में संबोधन।

Shalni Kumari
Published on: 7 Oct 2026 11:21 AM IST (Updated on: 7 Oct 2026 11:27 AM IST)
25 Years in Government
X

 PM Modi 25 Years  

PM Modi 25 Years: 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई नरेंद्र मोदी की सरकार के मुखिया के तौर पर यात्रा बुधवार को 25 साल पूरे कर चुकी है। ढाई दशक के इस सफर में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 साल से अधिक समय तक सरकार का नेतृत्व किया और 2014 से लगातार तीन कार्यकाल में देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

इस खास मौके पर दिल्ली में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'विकसित भारत संकल्प सभा' को संबोधित कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।

7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुआ था सफर

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने लगातार तीन विधानसभा चुनावों में भाजपा का नेतृत्व किया। वर्ष 2014 में भाजपा की जीत के बाद नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद भी वह प्रधानमंत्री बने। इस तरह गुजरात से शुरू हुई सरकार के मुखिया की उनकी यात्रा अब केंद्र में लगातार तीन प्रधानमंत्रित्व कार्यकाल तक पहुंच चुकी है।

मार्च 2026 में नरेंद्र मोदी भारत में किसी निर्वाचित सरकार के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रमुख रहने वाले नेता भी बने थे। उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनका कुल कार्यकाल 8,931 दिन हो चुका था।

कैबिनेट ने पारित किया प्रस्ताव

25 साल पूरे होने से एक दिन पहले, 6 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के निरंतर सरकारी नेतृत्व को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया। इसमें गुजरात से लेकर केंद्र तक उनके कार्यकाल से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और पहलों का उल्लेख किया गया।

सरकार के आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रस्ताव में गुजरात की SWAGAT पहल से लेकर केंद्र की PRAGATI, जनधन, पीएम-किसान और अन्य योजनाओं का जिक्र किया गया। इसमें बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष कार्यक्रम, कोविड वैक्सीन, चंद्रयान-3, विदेश नीति और आपदा प्रबंधन समेत कई क्षेत्रों में सरकार के कामकाज को रेखांकित किया गया।

कैबिनेट प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि मोदी के नेतृत्व में गुजरात की कुछ पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर लागू किया गया। सरकार ने जनधन खातों, आवास, गरीबी उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण और पीएम-किसान जैसी योजनाओं को भी इस यात्रा का हिस्सा बताया है।

दिल्ली में आज प्रधानमंत्री का संबोधन

25 साल पूरे होने के मौके पर दिल्ली में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम से जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश में लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, नोएडा, गाजियाबाद और अन्य स्थानों से पार्टी नेता कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए गए सेवा संकल्प अभियान का भी समापन कार्यक्रमों के जरिए किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से हुई थी और इसके तहत सेवा, जनसंपर्क, स्वच्छता, पौधरोपण और रक्तदान समेत कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

दिल्ली के मंदिर में की पूजा-अर्चना

प्रधानमंत्री ने 25 साल पूरे होने के दिन की शुरुआत दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने भगवान गणेश से देशवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की। उन्होंने देश की निरंतर प्रगति की भी कामना की।

बड़े नेताओं ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल पूरे होने पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाई दी।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर प्रधानमंत्री को 25 साल की सेवा पूरी करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मोदी की यात्रा को 'प्रधान सेवक' के रूप में रेखांकित करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में समावेशी विकास की सोच को देशव्यापी अभियान का रूप मिला। उन्होंने कनेक्टिविटी, डिजिटल प्रगति और अवसरों के विस्तार का भी उल्लेख किया।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के शपथ लेने का उल्लेख करते हुए उनके 25 साल के सफर को सेवा, समर्पण, मेहनत और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना से जोड़ा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 साल का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ा रहा है। उन्होंने लिखा कि मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 साल और प्रधानमंत्री के रूप में करीब 12 साल तक सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण बनाए रखा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि राष्ट्रसेवा के अविराम पथ पर प्रधानमंत्री ने 25 गौरवशाली वर्ष पूरे किए हैं।

https://x.com/myogiadityanath/status/2107629300812022170?ref_src=twsrc^tfw|twcamp^tweetembed|twterm^2107629300812022170|twgr^b8283ca814ed11f2a709722a5ea20c40a7c34f82|twcon^s1_c10&ref_url=https://www.jammulinksnews.com/landmark-historical-achievement-leaders-extend-greetings-to-pm-modi-for-completing-25-years-as-head-of-govt/

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दिन को अद्भुत, अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुए सफर का जिक्र किया और उनके परिश्रम, प्रयास, धैर्य और उत्साह को प्रेरणादायक बताया।

25 साल में गुजरात से दिल्ली तक पहुंचा सफर

नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 साल पूरे होने का यह सफर गुजरात के मुख्यमंत्री पद से शुरू होकर देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचा है। इस दौरान गुजरात में उनके 13 साल से ज्यादा के कार्यकाल के बाद 2014 से केंद्र की राजनीति में उनकी भूमिका रही है। 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के साथ उन्होंने लगातार तीन लोकसभा चुनावों के बाद सरकार का नेतृत्व करने का सिलसिला जारी रखा।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story