TRENDING TAGS :
पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर हराया, PM मोदी भी हुए गदगद; टीम इंडिया के लिए कही दिल छू लेने वाली बात
PM Modi Congratulates Team India : भारत ने पाकिस्तान को हराकर U19 एशिया कप अपने नाम कर लिया है। PM नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई देते हुए युवा क्रिकेटरों पर गर्व जताया।
Image Source – Social Media
PM Modi Congratulates Team India: भारतीय अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान को रोमांचक फाइनल में एक विकेट से हराकर एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। आखिरी गेंद तक चले इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार जज्बा दिखाया। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम यह मैच आसानी से हार जाएगी लेकिन फिर मनल चौहान और मोहित उल्वा ने शानदार खेल दिखाते हुए आखिरी गेंद पर भारत को जीत दिला दी। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने युवा क्रिकेटरों के प्रदर्शन पर गर्व जताते हुए कहा कि यह भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार दिन है।
PM मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारतीय अंडर-19 टीम को जीत की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, ''भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार दिन! आज के प्रभावशाली प्रदर्शन और पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2026 जीतने पर अपने युवा क्रिकेटरों पर बेहद गर्व है। उनकी सफलता कई युवाओं को प्रेरित करेगी। टीम को भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।''
आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को हराकर भारत बना चैंपियन
भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल बेहद रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए। उस्मान खान ने 107 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 रन बनाए। 338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 और आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाकर अच्छी स्थिति में पहुंचाया। लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम मुश्किल में आ गई।
एक समय भारत का स्कोर 252 रन पर आठ विकेट था। यहां से मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मुकाबले में जान डाल दी। मनल ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद मोहित ने जिम्मेदारी संभाली और 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन ठोक दिए। चिगुरुपति वेंकट ने भी आठ गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाकर मोहित का साथ दिया। आखिरी गेंद पर चौका लगाकर मोहित ने भारत को एक विकेट से जीत दिला दी। भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 339 रन बनाकर खिताब अपने नाम किया।
भारत ने रिकॉर्ड नौवीं बार जीता खिताब
पाकिस्तान के खिलाफ इस रोमांचक जीत के बाद भारतीय अंडर-19 टीम ने रिकॉर्ड नौवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। आखिरी विकेट तक संघर्ष करने वाली टीम इंडिया की इस जीत में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। भारत की ओर से काव्या पटेल ने चार और चिगुरुपति वेंकट ने तीन विकेट हासिल किए। इस तरह युवा भारतीय खिलाड़ियों ने फाइनल में दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को एक और एशियाई खिताब दिलाया।


