PM Modi Meeting: PM मोदी की आज हाई-लेवल मीटिंग, मंत्रियों को दिल्ली में रहने का 'कड़ा फरमान'; होने वाला है बड़ा ऐलान!

PM Modi Meeting: भारत में संभावित तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मंत्री परिषद की महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 21 May 2026 8:06 AM IST (Updated on: 21 May 2026 8:06 AM IST)
PM Modi Meeting
X

PM Modi Meeting

PM Modi Meeting: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और भारत में संभावित तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मंत्री परिषद की महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं। बैठक शाम 4 बजे सेवा तीर्थ में आयोजित होगी। इस बैठक को लेकर काफी तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि पीएम मोदी की अध्यक्षता में आज होने वाली इस अहम बैठक में देश की ऊर्जा सुरक्षा, बढ़ती ईंधन कीमतों और वैश्विक परिस्थितियों के भारत पर पड़ने वाले असर पर गहन विचार-विमर्ष हो सकता है। प्रधानमंत्री ने सभी मंत्रियों को दिल्ली में ही मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।

अंतरराष्ट्रीय हालात और भारत की रणनीति पर हो सकती है चर्चा

पांच देशों की विदेश यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत लौट आए हैं। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि वे अंतरराष्ट्रीय हालात और भारत की रणनीति पर मंत्रियों के साथ गहन चर्चा करेंगे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में मंत्रिमंडल में फेरबदल जैसे मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की तरफ से बैठक के एजेंडे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है।

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होंगे। इस वर्ष मंत्री परिषद की यह पहली बड़ी बैठक मानी जा रही है। खास बात यह है कि देश में ईंधन संकट की आशंकाओं के बीच प्रधानमंत्री पहले ही जनता से वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन क्लासेज को प्राथमिकता देने की अपील कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या भी कम कर दी थी, ताकि ईंधन की बचत का संदेश दिया जा सके।

शाम 4 बजे सेवा तीर्थ में होगी बैठक

बीते कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में सरकार की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। बैठक शाम 4 बजे सेवा तीर्थ में आयोजित होगी। बैठक में खासतौर पर पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके भारत की अर्थव्यवस्था पर संभावित प्रभावों की समीक्षा की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी विदेश यात्रा से लौटने के बाद मौजूदा हालात का आकलन करना चाहते हैं।

इससे पहले केंद्र सरकार ने एक हाई पावर ग्रुप का गठन किया था, जिसकी अगुवाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर रहे हैं। यह समूह युद्ध और वैश्विक संकट के कारण उत्पन्न चुनौतियों से निपटने की रणनीति तैयार कर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार बैठक में ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, जहाजरानी और लॉजिस्टिक्स जैसे अहम क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा सकता है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वैश्विक संकट का असर आम नागरिकों पर कम से कम पड़े। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा कर उन्हें अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा संभव है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story